वायु सेना के एक जवान का हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया है। एक महिला के दिल को वायु सेना के जवान को लगाया गया है। नागपुर से पुणे दिल को लाने के लिए ग्रीन कोरिडोर बनाया गया था। वायुसेना की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक़, 26 जुलाई की सुबह नागपुर से जीवित मानव हृदय (Heart) एयरलिफ्ट कर पुणे पहुंचाया गया और एक वायु सेना के जवान को लगाया गया।

ब्रेन डेड हो चुकी थी महिला

जानकारी के अनुसार, 31 साल की महिला शुभांगी गण्यारपवार को नागपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां डॉक्टर ने महिला को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद जोनल ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन सेंटर नागपुर के डॉक्टर ने महिला के परिजनों से महत्वपूर्ण अंग दान देने की सलाह दी।

वायु सेना के जवान के दिल में धड़का महिला का दिल

शुभांगी गण्यारपवार के परिजन इस बात के लिए तैयार हो गये। महिला के हृदय, लीवर और दो किडनी चार लोगों को दान किया गया है। 26 जुलाई को शुभांगी का दिल पुणे में जिंदगी-मौत से जूझ रहे वायुसेना के एक जवान में ट्रांसप्लांट करने का निर्णय लिया गया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रक्षा विज्ञप्ति में बताया गया कि महत्वपूर्ण अंग को भारतीय वायु सेना के एएन-32 विमान से नागपुर से 700 किलोमीटर दूर पुणे ले जाया गया। पुणे स्थित भारतीय सेना के दक्षिणी कमान के एक ट्वीट में कहा गया कि एआईसीटीएस ने सफल हार्ट ट्रांसप्लांट किया है। दो किडनी और लीवर अन्य तीन लोगों को दान की गई है।

बता दें कि शरीर के महत्वपूर्ण अंग दिल (heart) को निकाले जाने के बाद उसे जल्द ही दूसरे शरीर में लगाना होता है। इसके लिए वक्त बेहद कम होता है। ऐसे में जब दूसरी जगह से हार्ट को लाया जाता है तो रास्ते में कोई परेशान ना आये या रुकावट ना पैदा हो, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाता है।