केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दर्ज कराने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनावी रैली कर रहे हैं। अपनी चुनावी रैली के दौरान अमित शाह कांग्रेस पर जमकर हमला बोल रहे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल कांग्रेस के लिए महज एक टूरिस्ट स्पॉट है। केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कई तरह के कमेंट किए।
अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला हमला
अमित शाह ने हिमाचल में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए हिमाचल टूरिस्ट स्पॉट है, जबकि मोदी जी के लिए हिमाचल कर्म भूमि है। यहां पर नेहरू से लेकर राहुल बाबा तक, सब यहां पर केवल घूमने आते हैं। इस वीडियो पर लोग कई तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया है तो वहीं कुछ लोग बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए लिख रहे हैं।
लोगों के रिएक्शन
भरत नाम के ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया कि मोदी जी के लिए तो पूरा देश ही कर्म भूमि है और इसलिए पूरे देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। आज के लोग बेवकूफ नहीं हैं, जो आपकी बातों पर यकीन कर लेंगे। पंकज नाम के एक यूजर ने सवाल किया, ‘शाह जी स्पष्ट करें, मोदी जी की कर्मभूमि कहां तक फैली है।’ कमल नाम के एक यूजर ने लिखा कि आप लोग केवल नौटंकी कीजिए।
अभिनव शुक्ला नाम के एक यूजर ने अमित शाह की बातों का समर्थन कर कमेंट किया, ‘कांग्रेस वाले बस चुनावी समय में हर राज्य में दिखाई देते हैं, प्रियंका गांधी यहां रैली करने आ रही हैं। चुनाव के बाद गायब हो जाएंगी।’ देवेश मिश्रा नाम के एक यूजर ने सवाल किया कि तो फिर लाखों-करोड़ों के प्रोजेक्ट सिर्फ गुजरात ही क्यों ले जाते हो? माधव सिंह नाम के एक यूजर ने भाजपा पर कटाक्ष कर कमेंट किया कि सर कब तक आप लोग राजनीति करेंगे? देश दुख में है और आप लोग को सिर्फ इलेक्शन की पड़ी हुई है।
जानकारी के लिए बता दें कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस आमने-सामने है। वहीं आम आदमी पार्टी भी हिमाचल में अपनी किस्मत आजमा रही है। गौरतलब है कि हिमाचल में एक चरण में पूरे प्रदेश में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 8 दिसंबर को चुनावी नतीजे घोषित होंगे।