हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में कांग्रेस (Congress) विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने में कामयाब रही है। मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर खींचतान के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला हुआ। सीएम पद के लिए नाम की घोषणा होने के बाद सुखविंदर सिंह ने कहा कि जनता से किये वादे को पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। इसके साथ उन्होंने मुख्यमंत्री बनाये जाने पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद दिया।
क्या बोले सुखविंदर सिंह सुक्खू?
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) का सीएम बनाये जाने पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार बदलाव लाएगी, हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है। हालांकि इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress President Mallikarjun Kharge) का जिक्र नहीं किया तो सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं!
लोगों की प्रतिक्रियाएं
@niteshplatinum यूजर ने लिखा कि हर कोई जानता है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद सिर्फ एक मजाक है और वरिष्ठ नेता खड़गे जी को जोकर बना दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष की यहां कोई भूमिका नहीं है? @singhvarun यूजर ने लिखा कि सीएम पद के लिए चुने गए हैं, कम से कम खड़गे जी को धन्यवाद दे देते। @tanvirsadiq यूजर ने लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष का जिक्र करना क्यों भूल गए? भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने लिखा कि सोनिया जी, राहुल गांधी जी, प्रियंका जी का धन्यवाद … खड़के जी का नाम तक नहीं।
@Mishra___S यूजर ने लिखा कि पूरी की पूरी गांधी परिवार को धन्यवाद कहा गया चुने हुए मुख्यमंत्री द्वारा लेकिन एक बार भी कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को धन्यवाद नहीं बोले। अब आप समझ सकते हैं कि खड़गे जी का कितना महत्व है! @rishibagree ने सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर शेयर कर लिखा कि मुझे फिर अध्यक्ष बनाया ही क्यों था? @pahadiscientist यूजर ने लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री जी खड़गे जी को युगांडा कांग्रेस का अध्यक्ष चुना है क्या? उनका भी नाम ले लीजिए सबके ले रहे तो।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के जीतने के बाद प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh, Congress) और सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच सीएम कुर्सी को लेकर खींचतान चल रही थी, इसके बाद कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई थी। हालांकि कांग्रेस हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाये जाने पर मुहर लगा दी है। 11 दिसंबर को सुक्खू सीएम पद की शपथ लेंगे जिसमें कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल होने वाले हैं।