गुजरात में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। आलम यह है कि मगरमच्छ लोगों के घरों में घुसने लगे हैं। ऐसे कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। हाल के वीडियो में एक 15 फीट का मगरमच्छ घर में घुस आया है। दूसरे वीडियो में मगरमच्छ छत पर बैठा है। तीसरे वीडियो में घर के बाहरी इलाके में मगरमच्छ दिखाई दे रहा है। एक अन्य वीडियो में मगरमच्छ ने कुत्ते को अपने जबड़े में जकड़ा हुआ है। हर जगह मगरमच्छ देखने के बाद लोग दहशत में आ गए हैं। लोग अपने घरों में भी जाने से डर रहे हैं। वहीं बारिश के कारण जहां भी थोड़ा पानी जम गया है लोग वहां जाना नहीं चाह रहे हैं।
15 फीट लंबा मगरमच्छ घर में घुसा
वीडियो में देखा जा सकता है कि वडोदरा में 15 फीट लंबा मगरमच्छ एक घर में घुस गया है। घर के लोग बाहर हैं। असल में मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण लोग डरे हुए हैं। इस डर के कारण लोग मदद के लिए उथले पानी में भी जाने से बच रहे हैं। हालांकि भारतीय सेना की छह टुकड़ियां लगातार बारिश के कारण सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान चला रही हैं।
भारी बारिश के बाद वडोदरा में मगरमच्छ कई जगहों पर देखें जा सकते हैं। वे बस्तियों में घुसने लगे हैं, जिससे लोगों के लिए के खतरा पैदा हो रहा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने गए एक वीडियो में गुरुवार को शहर के अकोटा स्टेडियम क्षेत्र में एक घर की छत पर एक मगरमच्छ को आराम करते देखा गया। पड़ोस में मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
जबड़े में डॉगी को दबाए पानी में घूम रहा मगरमच्छ
एक्स पर एक यूजर ने वीडियो शेयर किया जिसमें एक मगरमच्छ को एक कुत्ते को अपने जबड़ों में दबाए हुए बाढ़ के पानी में घूमते देखा गया। मगरमच्छ का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने दावा किया कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। पीटीआी की रिपोर्ट के अनुसार, विश्वामित्री नदी के उफान के कारण मगरमच्छों के समूह वडोदरा के कई इलाकों में घुस गए हैं। मगरमच्छों के डर से निवासी अब अपना घर छोड़ने से डर रहे हैं।
बता दें कि गुजरात में बृहस्पतिवार को बारिश कम हुई, जिससे स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ लेकिन वडोदरा और राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में अब भी नदियां उफान पर होने से वहां बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान जारी रखे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात में पिछले तीन दिनों में, बुधवार तक, बारिश से संबंधित घटनाओं में 26 लोगों की मौत हो गई है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) की अद्यतन जानकारी में बताया गया कि गुजरात के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 18,000 से अधिक लोगों को स्थानांतरित किया गया है और लगभग 1,200 लोगों को बचाया गया है।