बाइक पर स्टंट करना कितना भारी पड़ सकता है इसके कई उदाहरण हम आए दिन देखते रहते हैं। सोशल मीडिया पर बाइक स्टंट के दौरान चोट लगने या हादसा होने के वीडियो आते रहते हैं, लेकिन युवा हैं कि इनको देखने के बाद भी नहीं सुधरते और ना ही कोई सीख लेते हैं। बाइक स्टंट के दौरान चोट लगने का एक और वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक लड़का बाइक चलाता दिखता है। वही स्टंट करने का प्रयास करता है, लेकिन इस दौरान उसकी बाइक पर पीछे बैठी लड़की स्टंट की वजह से चोट खा बैठती है।
स्टंट के दौरान लड़की को लगी चोट
इंस्टाग्राम पर yt_sayan_acharjee नाम के यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का-लड़की बाइक पर हैं। लड़की पीछे बैठी है। इसी दौरान लड़का बाइक स्टंट करने की कोशिश करता है तभी लड़की पीछे सीट से गिर जाती है और वह बाइर और टायर के बीच में फंस जाती है। वीडियो में लड़का एकदम से बाइक उछालने की कोशिश करता है और इसी कोशिश में लड़की सीट से नीचे चली जाती है।
टल गया बड़ा हादसा
हालांकि इस दौरान गनीमत यह रही कि लड़की के साथ कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लड़की की किस्मत अच्छी थी। नहीं तो जिस स्पीड से लड़के ने बाइक उछाली थी वह झटके से नीचे जाकर गिर सकती थी। इस दौरान लड़की को और भी गंभीर चोट लग सकती थी। हालांकि बाइक और टायर के बीच में फंसकर भी लड़की को चोट ज्यादा ही लगी होगी। इस दौरान लड़की की चीख भी निकल गई थी।
वायरल वीडियो पर यूजर्स के फनी कमेंट
वायरल वीडियो बेंगलुरु का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को जिस किसी ने भी देखा वह इन दोनों पर नाराज ही हो रहा है। वीडियो पर लोगों के कमेंट इसका उदाहरण हैं। कुछ लोग वीडियो पर फनी कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है- छपरी लवर के साथ यही होना चाहिए। यह पोस्ट 24 अगस्त को इंस्टाग्राम पर शेयर की गई थी। पोस्ट किए जाने के बाद से इसे करीब 29 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।