लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद किसी भी विपक्षी नेता को यूपी पुलिस पीड़ित परिवार से मिलने नहीं जाने दे रही है। पूर्व बीजेपी सांसद सावित्रीबाई फुले का एक वीडियो सामने आया है जिसमें पुलिस उनके साथ बदसलूकी करती हुई दिखाई दे रही है। इसी वीडियो पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सावित्रीबाई फुले का साथ दिया है।
सावित्रीबाई फुले का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला पुलिसकर्मी फुले को घसीटते हुए गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रही हैं और जब सावित्रीबाई फुले इसका विरोध करती हैं, तो महिला पुलिस उनका बाल पकड़कर जबरन गाड़ी में बैठाने लगती हैं।
इसी वीडियो पर कांग्रेस महासचिव ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सावित्रीबाई फुले का समर्थन करते हुए लिखा, सावित्री तुम्हारे साथ इस तरह का व्यवहार देख कर दुख हुआ। लड़ती रहो, डटी रहो। इस वीडियो को शेयर करते हुए कई ट्विटर यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
एक टि्वटर हैंडल से यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, जिस महिला के बाल खिंचे जा रहे है। यह कोई आम महिला नहीं बल्कि पूर्व MLA और पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले हैं। जिनका दोष इतना है की वो किसानों के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाने लखीमपुर जा रही थी। पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने इसे गलत बताते हुए लिखा, बाल पकड़कर धक्का देना..गाड़ी के भीतर फेंक देना..ये बीजेपी की पूर्व दलित महिला नेता..पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले का अपमान है..ऐसे कृत्य निंदनीय हैं।
एक टि्वटर यूजर ने इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि बेहद शर्मनाक और यूपी में जंगलराज…जो भाजपा का विरोध करेगा। क्या उसका यह हाल होगा? @abhibhartiya102 टि्वटर हैंडल से लिखा गया, भाजपा की पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले जी पर हुई अभद्रता बहुत ही निंदनीय है। यह है यूपी पुलिस का नारी सम्मान…। जानकारी के लिए बता दें कि प्रियंका गांधी को पुलिस ने 30 घंटे हिरासत में रखने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उनको सीतापुर के पीएसी गेस्ट हाउस में अस्थाई रूप से जेल बनाकर रखा गया है।
