Wedding Called off in Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक बारात को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। दुल्हन ने जयमाला की रस्म के बाद शादी से इनकार कर दिया। कथित तौर पर दूल्हे के लंगड़ाकर चलने के कारण दुल्हन ने शादी से मना कर दिया। कई घंटे तक मनुहार, समझाइश, यहां तक कि पुलिस की मौजूदगी भी स्थिति को बदल नहीं सकी। दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही।
आपसी सहमति से तय किया गया रिश्ता
घटना जिले के नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की है, जो फिलहाल चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां रहने वाला एक युवती की शादी एटा निवासी युवक से तय हुई थी। दोनों परिवारों की आपसी सहमति से रिश्ता तय किया गया था। तैयारियां जोरों पर थी, रिश्तेदारों को न्योता भेजा गया था।
तय तिथि को लड़का बड़ी शान से बारात लेकर फर्रुखाबाद पहुंचा। वधू पक्ष ने बारात का आदर-सत्कार किया। पूरी रौनक से जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में पूरा माहौल बदल जाएगा।
शादी की रस्में चल रही थीं। इस दौरान जब कलेवा की रस्म के लिए दूल्हा चलकर उस जगह की ओर बढ़ा तो सारा माहौल बदल गया। दूल्हा लंगड़ाकर चल रहा था। ऐसे में आरोप लगाया गया कि दूल्हे को चलने में दिक्कत है और यह बात उनसे छिपाई गई है।
दुल्हन के परिजनों का कहना था कि ऐसी बातें छिपाकर रिश्ता करना सही नहीं है, यह लड़की की पूरी जिंदगी का सवाल है। दूल्हा पक्ष ने स्थिति संभालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उसे चोट लगी है इसलिए वो लंगड़ा रहा है। यह कोई स्थायी दिक्कत नहीं, वो ठीक हो जाएगा। डॉक्टरों ने भी यही कहा है।
हालांकि, वधू पक्ष किसी दलील को मानने को तैयार नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि शादी से पहले इस संबंध में बता देना चाहिए था। ताकि, उन्हें निर्णय लेने का समय मिल पाता। इन्ही बातों को लेकर विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
बातचीत से जब मामले का हल नहीं हुआ तो पुलिस ने कमान संभाली। दोनों परिवारों को थाने ले जाया गया, जहां घंटों पंचायती के बाद भी दुल्हन पक्ष शादी को राजी नहीं हुआ। यहां तक की उन्होंने दूल्हा पक्ष द्वारा दिए गए गिफ्ट भी वापस कर दिए।
ऐसे में दूल्हा पक्ष को मजबूरन बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लेकर लौटना पड़ा। दूसरी ओर वधू पक्ष में भी तनाव और अफरातफरी का माहौल रहा। अब इस घटना की पूरे गांव में चर्चा हो रही है।
