राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक यह यात्रा अगले साल की शुरुआत में खत्म होने वाली है। कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल गांधी की इस यात्रा से पार्टी को एक मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं को ऊर्जा! इसी बीच दिल्ली कांग्रेस की तरफ एक ट्वीट कर यह दावा किया गया है कि राहुल गांधी की लोकप्रियता पीएम मोदी से अधिक हो गई है लेकिन इस दावे को पूरी तरफ फर्जी बताया गया और कांग्रेस को यह ट्वीट डिलीट करना पड़ा।
कांग्रेस ने शेयर किया फर्जी स्क्रीनशॉट!
दिल्ली कांग्रेस ने आज तक चैनल के दो स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा कि राहुल गांधी 52 प्रतिशत और पीएम मोदी 46 प्रतिशत लोगों की पंसद हैं। इस स्क्रीनशॉट को शेयर कर दिल्ली कांग्रेस की तरफ से लिखा गया कि देश का मिजाज बदल रहा है, जुमलेबाजों को अब देश की जनता ने सबक सिखाने का मन बना लिया है। हालांकि अपने इस ट्वीट की वजह से दिल्ली कांग्रेस की खूब किरकिरी हुई क्योंकि यह स्क्रीनशॉट फर्जी निकला। इसके बाद कांग्रेस की तरफ से यह ट्वीट डिलीट कर दिया गया।
स्क्रीनशॉट निकला गलत
कांग्रेस की तरफ से जो स्क्रीनशॉट शेयर किया गया है उसमें आज तक न्यूज चैनल का लोगो (LOGO) लगा था। इस पर सफाई देते हुए आजतक चैनल की तरफ से लिखा गया कि इस ट्वीट में शेयर की गई जानकारी पूरी तरह से गलत है। यह तस्वीर फोटोशॉपड है। आजतक ने ऐसा कोई सर्वे नहीं कराया है, यह पूरी तरह फेक है। उम्मीद है इस ट्वीट को आप जल्द से जल्द हटा लेंगे। आजतक चैनल के इस ट्वीट के बाद लोगों ने कांग्रेस की जमकर खिंचाई कर दी।
कांग्रेस नेता ओमवीर यादव ने लिखा कि BJP झूठ की पगडंडियों पर चलकर ही सरकार बनाने में सफल हुई, ये ट्वीट BJP ने किया होता तो आप कुछ नहीं बोलते, कांग्रेस झूठ को बर्दाश्त नहीं करती और ये ट्वीट डिलीट कर दिया गया है। एंकर रोहित रंजन ने लिखा कि क्या ये फेक न्यूज की श्रेणी में आता है या नहीं? रोहित शुक्ला नाम के यूजर ने लिखा कि ये शायद कांग्रेस पार्टी का सर्वे होगा जिसमें 100% कांग्रेसियों में 42% मोदी जी को सपोर्ट कर रहे हैं।
सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा कि मेरे संज्ञान में लाए जाने के तुरंत बाद दिल्ली कांग्रेस ने ट्वीट को डिलीट किया। हम गलत तथ्यों को कतई बर्दाश्त नहीं करते हैं, चाहे कहीं के भी हों।अपनी गलती का त्वरित सुधार और दूसरे की नजरंदाज नहीं करते। यह कांग्रेस का सिद्धांत है, पर क्या भक्तमंडली और नतमस्तक मीडिया ऐसा करेगा? एक यूजर ने लिखा कि कांग्रेस के प्रवक्ता ने तो इतनी हिम्मत दिखाई और गलती स्वीकार कर ट्वीट को हटा दिया। भक्तों की मंडली तो महाराज की हर बात को महिमामंडित करती है। किसी भी पत्रकार में इतनी हिम्मत है कि महाराज से सवाल भी पूछ सके कि रुपया क्यों गिर रहा है?