भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और आईपीएल की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी की क्यूट बेटी जीवा अक्सर ही सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरती हैं। उनकी कोई न कोई तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर छाई रहती है। एक बार फिर जीवा धोनी ट्विटर और इंस्टाग्राम पर अपने प्यारे से डांस के जरिए लोगों का दिल जीत रही हैं। जी हां, जीवा के डांस का एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर काफी देखा जा रहा है। यह वीडियो खुद महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेट पर शेयर किया है। वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के साथ ही उन्होंने लिखा कि उनकी बेटी पिता से ज्यादा अच्छा डांस करती है। धोनी ने लिखा, ‘कम से कम अपने पिता से ज्यादा अच्छा डांस करती है।’

वीडियो में तीन साल की प्यारी जीवा अंग्रेजी गाने पर डांस करते हुए दिखाई दे रही हैं। जीवा डांस करते हुए बहुत ही प्यारी दिख रही हैं। उनके इस डांस को सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। एक यूजर ने कहा कि इंटरनेट पर उन्हें दिन की सबसे प्यारी चीज देखने को मिली। जीवा के डांस वीडियो के अलावा धोनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के दो अन्य वीडियो शेयर किए हैं। जिनमें वह अपने पापा और उनकी आईपीएल टीम सीएसके को चीयर करते हुए दिखाई दे रही हैं। साथ ही वह चेन्नई सुपरकिंग्स को फ्लाइंग किस देते हुए भी दिख रही हैं।

बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी की टीम सीएसके प्वाइंट टेबल में इस वक्त शीर्ष स्थान पर है। चेन्नई ने अभी तक कुल 7 मैच खेले हैं, जिनमें से उसने 5 मैचों में जीत हासिल की है। सीएसके के पास 10 प्वाइंट्स हैं। चेन्नई का अगला मैच 30 अप्रैल को पुणे में दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ है। जहां सीएसके प्वाइंट टेबल में शीर्ष स्थान पर है तो वहीं दिल्ली 4 प्वाइंट्स के साथ इस लिस्ट में सबसे नीचे है। इस लिस्ट में सनराइजर्स हैदराबाद दूसरे नंबर पर, किंग्स इलेवन पंजाब तीसरे पर, कोलकाता नाइट राइडर्स चौथे नंबर पर, राजस्थान रॉयल्स पांचवें, मुंबई इंडियन्स छठे और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर सांतवें नंबर पर है।