न्यूज़ चैनल पर डिबेट के दौरान अक्सर ही एक पार्टी के प्रवक्ता दूसरी पार्टी के प्रवक्ता से तीखी बहस करते नजर आते हैं। ऐसे ही एक न्यूज़ चैनल पर डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, ‘हिंसा की राजनीति संघ और भाजपा के खून में है’। उनकी इस बात पर भाजपा प्रवक्ता ने सिख नरसंहार की बात छेड़ दी।

केंद्र की मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर जारी आंदोलन के बीच गाजीपुर बॉर्डर पर बुधवार को हंगामा खड़ा हो गया। गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसी मुद्दे पर न्यूज़ 18 इंडिया चैनल के आर-पार शो में बहस चल रही थी। शो के दौरान एंकर के सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि, ‘ जहर और हिंसा की राजनीति संघ और भाजपा के खून में है’।

अलका लांबा की इस बात पर भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि, ‘ 10 हजार सिखों का नरसंहार कांग्रेस ने किया है। राजीव गांधी के विरुद्ध विधानसभा में एक प्रस्ताव भी भेजा गया था आपको पता होगा’। कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रेम शुक्ला जवाब देते हुए कहा कि यह गड़े मुर्दे कहां से उखाड़ने लगे? गड़े मुर्दे की बात कहने पर भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने अलका लांबा से पूछा कि, ‘सिखों का नरसंहार गड़े मुर्दे हैं’?

उनके इस सवाल पर अलका लांबा ने अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि, ‘ गड़े मुर्दे उखाड़ कर आप अपनी नाकामियों को छुपा नही सकते हैं। आज के संदर्भ में बात होगी तो आप इतिहास में जाएंगे। ऐसे में आप अपने मुंह पर कालिख पुती पाएंगे’।

डिबेट के इस वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा कि भाजपा अपनी अहंकारी बर्ताव की वजह से खुद ही धंसती जा रही है इसीलिए देश वासी अब दूसरे विकल्प की ओर देख रहे है। वहीं एक यूजर ने कांग्रेस पार्टी का मजाक बनाते हुए कमेंट किया कि कैसी नेशनल पार्टी है कांग्रेस, जिसके पास एक कायदे का प्रवक्ता भी नहीं है।