कांग्रेस पार्टी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारी शुरू कर दी है। 29 अगस्त को AICC के महासचिवों, पीसीसी अध्यक्षों और ‘भारत जोड़ी यात्रा’ के राज्य समन्वयकों की बैठक बुलाई गई और रोडमैप तैयार किया। कांग्रेस की यह ऐतिहासिक पदयात्रा होगी जो 7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। अब खबर सामने आ रही है कि राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल होने वाले लोगों का फिटनेस टेस्ट लिया गया है।
पत्रकार अरुण कुमार सिंह ने ट्वीट किया कि यूथ कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने वाले पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं का फिटनेस टेस्ट लिया है। दिल्ली के एक पार्क में कई किलोमीटर मार्च करवा कर उनकी फिटनेस जांची गई। कुल 23 में से 4 कार्यकर्ता फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए, 19 ने कन्याकुमारी का टिकट पक्का किया।
लोगों की प्रतिक्रियाएं: पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी ने लिखा कि उधारी के गांधी की पार्टी में फिटनेस टेस्ट से भारत जुड़ेगा आश्चर्यजनक। नितिन प्रधान नाम के यूजर ने लिखा कि राहुल गांधी का फिटनेस टेस्ट हो चुका है क्या? मुकेश नाम के यूजर ने लिखा कि ऐसा ना हो कि बाद में पता चला कि कुछ लोग गुलाम नबी की तरह रास्ते में ही बदल जाएं।
राजेश नाम के यूजर ने लिखा कि कांग्रेस खुद नकली हिंदू-गांधी परिवार से आजादी चाहती है, मगर कांग्रेस के चमचे आजादी के ख्याल रखने वाले समझदार नेताओं को ही आजाद कर रहे हैं। कांग्रेस को भारत जोड़ो के लिए यात्रा की नहीं बल्कि नकली हिंदू गांधी परिवार को ‘कांग्रेस छोड़ो’ कहने की जरुरत है। परमिंदर सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि गब्बर सिंह की स्टाइल वाला टैक्स साबित करता है कि सरकार किन के लिए काम कर रही है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के माध्यम से एक टैक्स, कम रेट वाले जीएसटी की मांग करें, जिससे आम आदमी ‘गब्बर सिंह टैक्स’ का शिकार ना बने।
बता दें कि कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ दौरान करीब पांच महीने में दक्षिण में कन्याकुमारी से लेकर उत्तर में कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। जिन राज्यों से यात्रा नहीं गुजरेगी वहां के कांग्रेस कार्यकर्ता मिट्टी और पानी लेकर यात्रा में शामिल होंगे, जिसका इस्तेमाल पेड़ लगाने जैसे कार्यों में किया जाएगा।