प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर पर तिरंगा फहराया जाए और लोग अपने डीपी पर तिरंगा लगाया जाए। जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद अपनी डीपी पर तिरंगा लगाया और वहीं सरकार से जुड़े तमाम लोगों ने अपनी डीपी पर तिरंगा लगाया। कांग्रेस नेताओं ने भी अपनी डीपी में पंडित नेहरू के साथ तिरंगा वाली तस्वीर लगाई। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने आरएसएस पर सवाल भी उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने RSS पर उठाए ऐसे सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश सहित कांग्रेस पार्टी के ज्यादातर नेताओं ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगा लगा लिया है। जयराम रमेश ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पंडित नेहरू के साथ तिरंगा वाली डीपी लगाने के बाद RSS पर हमला बोलते हुए लिखा कि वर्ष 1929 के लाहौर अधिवेशन में रावी नदी के तट पर झंडा फहराते हुए पंडित नेहरू ने कहा था, ‘एक बार फिर आपको याद रखना है कि अब यह झंडा फहरा दिया गया है। जब तक एक भी हिंदुस्तानी मर्द, औरत, बच्चा जिंदा है, यह तिरंगा झुकना नहीं चाहिए।’ देशवासियों ने ऐसा ही किया।
आरएसएस पर बोला हमला
जयराम रमेश ने अपने अगले ट्वीट में आर एस एस पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि हम हाथ में तिरंगा लिए अपने नेता नेहरू की डीपी लगा रहे हैं लेकिन लगता है प्रधानमंत्री का संदेश उनके परिवार तक नहीं पहुंचा। जिन्होंने 52 सालों तक नागपुर में अपने हेड क्वार्टर में झंडा नहीं फहराया, वे क्या प्रधानमंत्री की बात मानेंगे?
कांग्रेस नेता ने कहा – आरएसएस तिरंगा नहीं बल्कि भगवा झंडा लगाता है
भारतीय कांग्रेस यूथ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने आरएसएस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल का स्क्रीनशॉट साझा किया है जिसमें तिरंगा नहीं दिखता है, बल्कि आरएसएस और उसका भगवा झंडा दिखता है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने हाथ में तिरंगा लिए देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु की तस्वीर शेयर कर लिखा कि, ‘एक ऐसी फोटो तिरंगे के साथ सावरकर जी, गोलवलकर जी की भी लगाई जाए। भाजपाइयों, चुनौती स्वीकार है।’
विपक्ष पर भड़की बीजेपी
दिल्ली में आज ‘तिरंगा बाइक रैली’ निकाली गई। जिसमें विपक्षी नेता शामिल नहीं हुए। जिस पर सत्ताधारी भाजपा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि कार्यक्रम पार्टी का नहीं बल्कि सरकार का है, विपक्ष इस पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज जब तिरंगा बाइक रैली हुई, तो इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपराष्ट्रपति जी द्वारा किया गया। ये कार्यक्रम किसी पार्टी का नहीं बल्कि सरकार का कार्यक्रम है और इसमें हर सांसद को शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया था।