कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में ईडी द्वारा पिछले 3 दिनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें इस खबर को कवर करने पहुंचे पत्रकार के साथ दिल्ली पुलिस बदसलूकी करती दिखाई दे रही है।
कांग्रेस नेता ने शेयर किया वीडियो : कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने इस वीडियो को अपनी सोशल मीडिया हैंडल से शेयर करते हुए कमेंट किया कि डियर मोदी मीडिया, अगर हमारे लिए आवाज नहीं उठा सकते तो कम से कम पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा कांग्रेस हेड क्वार्टर में हुई मारपीट पर मोर्चा खोल लीजिए नहीं तो चुल्लू भर पानी में…। बता दें कि केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे श्रीनिवास बीवी को भी पुलिस घसटती हुई दिखाई दी है।
यूजर्स ने भी दिल्ली पुलिस पर कसा तंज : पत्रकार रणविजय सिंह ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कमेंट किया कि अच्छा हुआ पत्रकार अकेले नहीं थे, वरना। पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने इस वीडियो पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपने हेड क्वार्टर पर प्रदर्शन करने वाले नेताओं और उसको कवर करने वाले पत्रकारों को ऐसे कैसे रोका जा सकता है? सूरज नाम के एक यूजर ने लिखा – इंदिरा गांधी ने तो इमरजेंसी की घोषणा करके अत्याचार किया था लेकिन बीजेपी वाले बगैर घोषणा किए ऐसा कर रहे हैं।
अभिषेक कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा – ये सरेआम गुंडागर्दी है, लोकतंत्र को सरेराह सत्ता के दम पर कुचला जा रहा है। शंकर नाम की एक यूजर ने कमेंट किया कि अगर कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता देश के विरुद्ध नारे नहीं लगा सकता है तो वह इस देश की जनता की आवाज कैसे उठाएगा। दिल्ली पुलिस द्वारा पत्रकारों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ हो रही बर्बरता बेहद शर्मनाक है।
संजय शुक्ला नाम के एक यूजर ने कांग्रेस नेता से सवाल किया कि आप के नेता भ्रष्टाचार के आरोप में बेल पर हैं। उनसे जांच एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं तो इसका विरोध क्यों किया जा रहा है? क्या उनकी जांच नहीं होनी चाहिए, वह कानून से ऊपर कैसे हो सकते हैं? पहली बार देखा जा रहा है कि भ्रष्टाचार की जांच का विरोध करने के लिए कथित सत्याग्रह चलाया जा रहा।