ज़ी न्यूज़ से इस्तीफे के बाद पत्रकार सुधीर चौधरी (Sudhir Chaudhary) ने बतौर कंस्लटिंग एडिटर इंडिया टुडे ग्रुप का आज तक न्यूज़ चैनल ज्वाइन कर लिया है। आज तक न्यूज़ चैनल ज्वाइन करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर सुधीर चौधरी को लेकर कई तरह के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने सुधीर चौधरी पर ताना मारते हुए पोस्ट किया। जिस पर सोशल मीडिया यूजर जाकिर नायक का नाम लेकर कमेंट करने लगे।

दिग्विजय सिंह ने यूं मारा ताना : सिमरन नाम की एक ट्विटर यूजर ने आज तक न्यूज़ चैनल द्वारा सुधीर चौधरी को लेकर चलाई गई खबर का स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा – सच में कितना बदल गया आज तक। दिग्विजय सिंह ने इसी ट्वीट के जरिए सुधीर चौधरी पर तंज कसते हुए लिखा कि क्या यह बंदा ‘आज तक’ में आ गया। जिस पर ‘अब तक’ ब्लैक मेलिंग का अपराध लगता था, समय बड़ा बलवान।

यूजर्स ने दिए ऐसे जवाब : दिग्विजय सिंह द्वारा किए गए ट्वीट पर को सोशल मीडिया यूजर्स उनका समर्थन करते नजर आ रहे हैं, तो कुछ लोगों ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। वहीं कुछ लोगों ने मुस्लिम धर्म प्रचारक की तारीफ करते हुए दिग्विजय सिंह का एक पुराना वीडियो शेयर कर हुए निशाना साधा है। शशिकांत त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने लिखा कि जाकिर नाइक की तारीफ करने वाले लोग दूसरों को ज्ञान दे रहे हैं। बृजेश नाम के एक यूजर ने सवाल किया – वैसे आपको क्या तकलीफ है?

पंकज सिन्हा नाम के एक यूजर लिखते हैं कि यहां तक संसद के भीतर और बाहर पर भी आपके ऊपर कई तरह के आरोप लगाए गए लेकिन क्या आपको दोष के आधार पर सजा मिली? राजनीति बहुत बलवान है, राजनीतिक विरोधी पर्दे के पीछे के दोस्त हैं। वहीं कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद ने दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर कमेंट किया कि नहीं प्रभु ‘आज तक’ ऐसा नहीं हुआ।

दिग्विजय सिंह ने की थी जाकिर नाइक की तारीफ : कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने साल 2012 में जाकिर नायक के साथ एक मंच साझा किया था। जिसमें जाकिर नायक की तारीफ करते हुए दिग्विजय सिंह ने उन्हें दुनिया भर में शांति का संदेश देने वाला शांतिदूत बताया था। जानकारी के लिए बता दें कि जाकिर नायक 2016 में भारत छोड़कर चला गया था। उस पर टेरर फंडिंग, अभद्र भाषा, सांप्रदायिक हिंसा भड़काने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे कई आरोप हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर भारत ने 2020 में उसके भाषणों पर प्रतिबंध लगा दिया था।