Cancer Treatment Scam: अगर आप सोशल मीडिया यूज करते हैं तो आपने कभी ना कभी कोई ऐसा ऐड जरूर देखा होगा जिसमें कोई शख्स अपने या अपने परिजन के गंभीर बीमारी से जूझने की कहानी शेयर करता है और लोगों से आर्थिक मदद मांगता है। शख्स की दर्द भरी कहानी सुनकर लोग पैसे दे भी देते हैं। हालांकि, कुछ मामलों में ये बात सामने आई है कि ये लोग झूठे होते हैं।

कैंसर से पीड़ित होने का शख्स ने किया दावा

ये केवल लोगों की भावनाओं के साथ खेलकर पैसे ऐंठते हैं और अपना खर्चा चलाते हैं। पड़ोसी देश चीन से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां के एक शख्स ने फंड रेजिंग प्लेटफॉर्म पर अपने कैंसर से पीड़ित होने की बात कहते हुए एक पोस्ट शेयर की और लोगों से आर्थिक मदद मांगी।

हालांकि, उसके बाद जो हुआ वो जानकर आप चौंक जाएंगे। गंभीर बीमारी का इलाज कराने के नाम पर लोगों से मिले पैसे से शख्स ने अपने लिए शानदार घर खरीद लिया। हालांकि, जब लोगों को इस बात का पता चला तो उन्होंने उस पर कार्रवाई की मांग।

फंड रेजिंग प्लेटफॉर्म पर से ब्लॉक कर दिया

नतीजतन शख्स को फंड रेजिंग प्लेटफॉर्म पर से ब्लॉक कर दिया गया। इस कारण वो अब कभी भी ऐसी घटना को अंजाम नहीं दे पाएगा। हालांकि, उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई हुई या नहीं इस संबंध में साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट में जानकारी नहीं दी गई है।

ठग की पहचान 29 साल के लैन नाम के शख्स के रूप में हुई है। उसने सोशल मीडिया पर अपने भावुक पोस्ट में दावा किया था कि वो कैंसर से जूझ रहा है। इलाज के लिए उसे 900,000 युआन (करीब डेढ़ करोड़ रुपये) की जरूरत है। पैसे नहीं मिले तो वो मर जाएगा। उसने कहा कि वो अभी और जीना चाहता है और लोगों से मदद की गुहार लगाता है।

अपने नए फ्लैट की फोटो शेयर की

ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ऐसे में लैन की मदद को बहुत से लोग आगे आए। लेकिन वे सभी उसकी कुछ दिनों बाद किए गए सोशल मीडिया पोस्ट से चौंक गए। उसने अपने नए फ्लैट की फोटो शेयर की और कहा कि ये फ्लैट उसने अपने पैसों से लिए हैं।

हालांकि, लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पाए क्योंकि ये वही शख्स था जो कुछ दिनों पहले तक लोगों से उसकी जिंदगी बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहा था। आखिर उसके पास घर खरीदने के पैसे कहां से आ गए। यह शक और गहराया जब लोगों को ये पता चला कि उसने फंड रेजिंग प्लेटफॉर्म की मदद से पहले ही 700,000 युआन (लगभग 81 लाख 64 हजार रुपये) पहले ही जमा कर लिए थे।

कई लोगों की शिकायत के बाद चीन के क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म ने लैन के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में वो ये सिद्ध नहीं कर पाया कि घर उसने अपने पैसों से लिए हैं और दान में मिली रकम का उसमें इस्तेमाल नहीं किया है। ऐसे में उसे प्लेटफॉर्म ने ब्लैकलिस्ट कर दिया।