जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती अपने ही एक बयान को लेकर विवादों में आ गई हैं। महबूबा मुफ्ती ने एक वीडियो शेयर कर दावा किया है कि जम्मू-कश्मीर में बच्चों को जबरदस्ती भजन गाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। भाजपा पर हमला करते हुए महबूबा मुफ्ती ने हिंदू एजेंडा चलाने का आरोप लगाया है। वहीं महबूबा मुफ्ती के इस आरोप पर भाजपा ने भी पलटवार किया है।
वीडियो शेयर कर महबूबा मुफ्ती ने भाजपा पर बोला हमला
एक कक्षा में कुछ छात्र और शिक्षक “रघुपति राघव राजा राम” गा रहे हैं। इस वीडियो को शेयर कर महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट किया कि धार्मिक विद्वानों को जेल में डालना, जामा मस्जिद को बंद करना और स्कूली बच्चों को हिंदू भजन गाने के लिए मजबूर करना कश्मीर में भारत सरकार के वास्तविक हिंदुत्व एजेंडे को उजागर करता है। मुफ्ती ने कहा कि भारत में सभी धर्म के लोग रहते हैं और हमें अपना-अपना धर्म मानने का अधिकार है लेकिन अब अब हमारे धर्म के ऊपर ये लोग दखल दे रहे हैं।
“हमारे मजहब पर हमला”
महबूबा मुफ्ती ने कहा, “जामा मस्जिद में 2019 से ताला लगा हुआ है। हमारे स्कॉलर को पुराने बयान के चलते जेलों में डाला जा रहा है। हमारे मुस्लिम बच्चों को भजन गाने के लिए कहा जा रहा है। इस तरह से अब हमारे मजहब पर सीधे अटैक कर रहे हैं। भाजपा का हिंदुत्व एजेंडा जम्मू कश्मीर में आजमाना चाहते हैं, ये नहीं चलेगा। हम गांधी जी की इज्जत करते हैं, उन्हीं का सहारा लेकर दूसरे मजहब का भजन गाने के लिए कहा जा रहा है।” यहां बता दें कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वायरल वीडियो में बच्चे 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारी कर रहे हैं ना कि उनसे जबरदस्ती की जा रही है।
लोगों ने दिए ऐसे जवाब
पत्रकार शैलेंद्र वांगू ने लिखा कि बच्चे 2 अक्टूबर गांधी जयंती की तैयारी कर रहे हैं जो निबंध प्रतियोगिता, अहिंसा पर बहस आदि का गवाह बनेगा। यह भजन बापू के पसंदीदा भजनों में से एक है। इसे हिंदू भजन के रूप में चित्रित करके इसे सांप्रदायिक रंग देने की आवश्यकता नहीं है। हिमांशु मिश्रा ने लिखा कि क्यों मैडम? अब तो आप गांधी जी से भी नफरत करने लगीं। अब तक तो खुद को आप गांधीवादी कहती थीं। अब उनके भजन से भी आपको परेशानी होने लगी है। इसे कहते हैं बदलाव। आप लोगों ने अब तक कश्मीरियों को इसी तरह से मजहब के आढ़ में भड़काया है, उनकी तरक्की रोकी है, अब आप लोगों का दांव नहीं चलेगा।
बता दें कि भाजपा की तरफ से महबूबा मुफ्ती पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया गया है। जम्मू कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने कहा है कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम में इसे (रघुपति राघव राजा राम) गुनगुनाते हुए पूरे देश को जोड़ने का काम किया था और अगर स्कूलों में बच्चे सुबह की प्रार्थना में गाते हैं तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। जम्मू में महबूबा मुफ्ती राजनीतिक जमीन खो चुकी हैं इसलिए जहर घोलकर राजनीतिक षड्यंत्र करने की कोशिश कर रही हैं।