मध्य प्रदेश में चुनाव के नजदीक आते ही सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। उज्जैन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला किया बोला। अब लगातार पलटवार हो रहा है। दिग्विजय सिंह ने एक बयान में कहा कि हे महाकाल, सिंधिया जैसा नेता कांग्रेस में अब पैदा मत करना। इस पर खुद सिंधिया ने पलटवार किया और मध्य प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने जवाब दिया है।

दिग्विजय सिंह पर ऐसे हुआ पलटवार

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि हे प्रभु महाकाल, कृपया दिग्विजय सिंह जी जैसे देश-विरोधी और मध्य प्रदेश के बँटाधार, भारत में पैदा ना हों। वहीं अब मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा है कि हे तीनों लोगों के स्वामी महाकाल प्रभु, दिग्विजय सिंह जी जैसे व्यक्ति को जिसने कांग्रेस का पूरा बंटाधार कर दिया, मध्यप्रदेश का बंटाधार कर दिया। प्रभु से मेरी यही कामना है कि दिग्विजय सिंह को अगले जन्म में पाकिस्तान में पैदा करना।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक यूजर ने लिखा कि लेकिन पाकिस्तान क्यों, तब तक तो मोदी जी अखंड भारत बना चुके होंगे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि महाकाल भाजपाई महेन्द्र सिंह को अगले जन्म में नार्थ कोरिया में पैदा करना। @CongressEssence यूजर ने लिखा कि यह नेता अगले जन्म में दिग्विजय सिंह की पाकिस्तान में पैदा होने की बात करता है और दूसरी तरफ अधिकतर लोग अखंड भारत बनाने की बात करते हैं। ये अपनी ही बात पर टिकते नहीं है।

नीतीश नाम के यूजर ने लिखा कि कोई धोखेबाज कांग्रेस में पैदा ना हो, दिग्विजय सिंह जी आज भी अपनी विचारधारा के साथ खड़े हुए हैं। एक यूजर ने लिखा कि ये कहते हैं नहले पर दहला, दिग्गी राजा अब 100 बार सोचेंगे अब इस प्रकार बेहुदा बयान देने से पहले। पीसी शर्मा ने लिखा कि मध्‍यप्रदेश में हम चुनाव जीत गए। हमारी सरकार थी और करोड़ों रुपए लेकर महाराज सहित 20-25 भ्रष्‍ट व‍िधायक बिक गए और भाजपा ने सरकार बना ली। बाबा महाकाल सब देख रहे है, और इसका फल भी शीघ्र देंगे।

बता दें कि दिग्विजय सिंह से पूछा गया कि कांग्रेस के जीतने के बाद फिर कोई पार्टी बदल ले तो क्या होगा? इस पर उन्होंने कहा था कि जब कमलनाथ सरकार को गिराया गया, उस समय राजा महाराजा बीजेपी के हाथों बिक गए लेकिन अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के गरीब विधायकों को बीजेपी ने 25 से 50 करोड़ रुपये का ऑफर किया लेकिन वो नहीं गए। इन्होने कांग्रेस को धोखा नहीं दिया।