लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। सरकार के खिलाफ इस अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बहस शुरू की। सत्ता पक्ष की तरफ से सबसे पहला मौका गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे को मिला। निशिकांत ने कई मुद्दों पर बोलते हुए कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी का जिक्र कर कुछ ऐसा कहा कि वह भी मुस्कुरा उठीं।

राहुल गांधी पर कसा तंज

निशिकांत दुबे ने कहा, ‘मैं इंतजार कर रहा था कि राहुल गांधी जी बोलेंगे लेकिन वह नहीं बोले, हो सकता है उन्होंने तैयारी नहीं की हो, देर से उठे होंगे।’ भाजपा सांसद ने कहा कि ये अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। ये प्रस्ताव क्यों लाया गया है? सोनिया जी (गांधी) यहां बैठी हैं, वह भारतीय नारी की तरह सिर्फ दो काम करना चाहती हैं।

“सोनिया जी को दो काम करना है…”

निशिकांत दुबे ने कहा, “सोनिया जी को दो काम करना है, बेटे को सेट करना है और दामाद को भेंट करना है।” निशिकांत दुबे की इस बात पर खुद सोनिया गांधी भी मुस्कुराते हुए दिखाई दीं, जबकि कई विपक्ष के नेताओं ने निशिकांत दुबे का विरोध किया। सोशल मीडिया पर निशिकांत दुबे के बयान के कई हिस्से वायरल हो रहे हैं और लोग इस पर तमाम तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

दीपक शर्मा ने निशिकांत दुबे का वीडियो शेयर कर लिखा, ‘क्या दिन आ गये वाजपेयी जी की पार्टी के…अविश्वास प्रस्ताव पर सरकार की ओर से नम्बर एक वक्ता निशिकांत दुबे हैं। जरा स्तर देखें भाषण का …शायद अपने ही बारे में खुलकर बताने लगे।’ @ShabrinZeenat यूजर ने लिखा, ‘महिलाओं का अपमान और शोषण करने में बीजेपी वाले पिछे कैसे रहेंगे? अपनी मां की उम्र की श्रीमती सोनिया गांधीजी को निशिकांत दुबे क्या बोल रहे है? यही है क्या संस्कार भाजपा और संघ के?’

एक अन्य ने लिखा, ‘अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का अजीबो–गरीब टाइप तर्क देखने को मिला। उन्होंने कहा– सोनिया गांधी को दो काम करना है, बेटे को सेट करना है, दामाद को भेंट करना है। “आप करें तो रासलीला हम करें तो कैरेक्टर ढीला” ऐसे वाहियात शब्दों का इस्तेमाल लोकसभा में हो रहा है। ऐसे लोग भी सांसद बन जाते है।’ एक अन्य ने लिखा कि सदन में भाषा की गरिमा लगातार गिरती जा रही है।