उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शनिवार को भाजपा के एक नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में भाजपा नेता की उनके परिजन पिटाई कर रहे हैं। आरोप है कि वह किसी महिला के साथ कार में बैठे थे, तभी उनकी पत्नी, परिजनों के साथ वहां पहुंच गई और फिर सबने मिलकर भाजपा नेता की पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बाबूपुरवा क्षेत्र निवासी मोहित सोनकर भाजपा युवा मोर्चा के कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय मंत्री हैं। शनिवार को उनकी पत्नी को पता चला कि मोहित किसी अन्य महिला के साथ आनंदपुरी कालोनी में बैठे हैं। पत्नी-सास और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और मोहित उन्हें वहां मिल गया। इसके बाद परिजनों ने मोहित की सड़क पर पिटाई शुरू कर दी। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

एमके चौधरी नाम के यूजर ने लिखा, ‘लेकिन बीजेपी ने तो नारा दिया था बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ? फिर नेता जी किसी और की बहन बेटी के साथ ऐसी अवस्था में? नारे में और वास्तविकता में इतना फर्क क्यों?’ नदीम नाम के यूजर ने लिखा, ‘तो आपको क्या लगता है, BJP नेताओं को नफरत फैलाने के बाद थोड़ी मौज मस्ती भी नहीं करनी चाहिए?’

सईद नाम के यूजर ने लिखा कि राष्ट्रवादी पार्टी की राष्ट्रवादी नेताओं के खिलाफ ऐसा व्यवहार बिलकुल भी शोभनीय नहीं है। नेताजी जी कुटाई करने वालों पर तत्काल कारवाई की जाए। रविंद्र नाम के यूजर ने लिखा कि पंतप्रधान का संदेश है कि महिलाओं का सम्मान- भाजपा मंत्री और कार्यकर्ता काम पर लग रहे हैं। अरविंद, प्रताप नाम के यूजर ने लिखा कि देख रहे हैं योगी आदित्यनाथ, नरेंद्र मोदी जी? आपकी पार्टी के बड़े कार्यकर्ता की हरकतें? आप लालकिले से महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं और खुद की पार्टी का कार्यकर्ता इस तरह पकड़े जा रहे हैं। 

अमित शर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि भाजपा वाले हर क्षेत्र में मजे कर रहे हैं और दूसरों नेताओ पर छापे करवाने में व्यस्त हैं। अपने नेताओ को तो देख ही नहीं रहे हैं। उत्तम यादव ने लिखा कि जब अपनी पार्टी की ही महिलाओं को ये लोग नहीं छोड़ रहे हैं तो अन्य महिलाओं को क्या सुरक्षा देंगे? पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने लिखा कि भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री जी की उनकी पत्नी द्वारा चप्पल से सार्वजनिक कुटाई! वह भी अमृतकाल में? वे तो चाल,चरित्र का दृष्टांत प्रस्तुत कर रहे थे।

बता दें कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों को लेकर थाने गई, जहां दोनों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। बीजेपी नेता की पत्नी ने कहा कि भाजपा की एक महिला पदाधिकारी के साथ मोहित के अवैध संबंध हैं। विरोध करने पर धमकी देता था। जब उसे पता चला कि पति, महिला के साथ कार में बैठा हुआ है तो वह परिजनों के साथ वहां पहुंच गई।