भारत जोड़ो यात्रा को लेकर प्रतिदिन एक नया विवाद खड़ा हो रहा है। अब कांग्रेस के एक ट्वीट से पूरी भाजपा आगबबूला हो गई है। कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से खाकी पैंट में आग लगी एक तस्वीर पोस्ट की गई है। इसे आरएसएस पर हमला कहा जा रहा है। अब भाजपा ने इस पर कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा के तमाम नेताओं ने इस पर कांग्रेस की तीखी आलोचना की है।

कांग्रेस ने किया ये ट्वीट

कांग्रेस के इस ट्वीट में तस्वीर के साथ लिखा है , “देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त करने और भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान को कम करने के लिए। कदम दर कदम, हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे”। इसमें यह भी लिखा है, 145 दिन बाद यात्रा समाप्त होने वाली है। इसी पर अब विवाद खड़ा हो गया है। 

भड़के हिमंत बिस्वा सरमा, कपिल मिश्रा ने यूं कसा तंज

असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने लिखा है कि ये शर्मनाक मानसिकता दिखाने वाला शर्मनाक ट्वीट है। कांग्रेस पार्टी अपनी असली मंशा को छिपा भी नहीं रही है। ये ‘भारत जोड़ो’ की आड़ में ‘भारत तोड़ो’ में लिप्त हैं। राष्ट्रवादियों को ठेस पहुंचाने के इरादे के लिए भारत कभी माफ नहीं करेगा! भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कांग्रेस के इस ट्वीट पर लिखा कि रावण ने हनुमान जी की पूंछ में आग लगाने से पहले यहीं सोचा था, बाद में पूरी लंका जल कर राख हो गई। पूंछ तब भी नहीं जली, बस यही हाल कांग्रेस का होगा।

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी दिया जवाब

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने लिखा कि खाकी सुरक्षा कर्मियों का प्रतिनिधित्व करती है। कांग्रेस, मातृभूमि के लिए बलिदान होने वालों का अपमान करती है। यह उनके परिवारों को गाली देती है जिन्होंने हमारी रक्षा के लिए अपने परिजनों को खो दिया है। राहुल गांधी और कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए। देश आपको 2024 में उसी आग से तबाह कर देगा।

अमित मालवीय ने ऐसे दिया जवाब

भाजपा आईटी सेट हेड अमित मालवीय ने लिखा कि कांग्रेस ने महज पांच दिनों में ही अपना असली चेहरा दिखा दिया है। नेल्ली से भागलपुर तक, खैरलांजी से गोधरा तक, हाशिमपुरा से लेकर सिख जनसंहार तक, जो पार्टी संगठित अपराध की नींव पर फली-फूली है वो कभी भी भारत को जोड़ नहीं सकती। कांग्रेस इतिहास के कूड़ेदान तक ही सीमित रहने का पात्र है।

भाजपा सांसद ने ऐसे किया पलटवार

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा कि सात जन्म लग जाएंगे, सत्ता के लिए हमारे देश का बंटवारा करने वाली पार्टी का यही एजेंडा है। अपने नाना जवाहरलाल जी की आत्मा को भी आज राहुल जी ने जला दिया। 1963 के जनवरी में भारत-चीन युद्ध में आरएसएस के लोगों का देशप्रेम देखकर तत्कालीन भारत सरकार ने 26 जनवरी की परेड में बुलाया था।