कोरोना के मामले एक बार भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी को लेकर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने एक ट्वीट किया। उन्होंने इस ट्वीट में कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी, राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र किया। उनके ट्वीट पर यूजर भी खूब कमेंट करने लगे।
दरअसल अशोक पंडित ने लिखा कि वायरस का कहर अभी समाप्त नहीं हुआ है। अतः घर से उतना ही निकलें, जितना चुनाव के बाद राहुल गांधी मंदिर के लिए निकलते हैं। उन्होंने आगे सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर लिखा कि मास्क का उपयोग उतना करें जितना योगी जी भगवा वस्त्र का उपयोग करते हैं। फिल्ममेकर ने सोनिया गांधी पर लिखा – क्योंकि इसमें डॉक्टर भी उतना ही जानते हैं, जितना सोनिया गांधी हिंदी जानती हैं।
यूजर्स के कमेंट – अशोक पंडित के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स उनकी बातों का समर्थन करते हुए ट्वीट कर रहे हैं तो वहीं कुछ यूजर उनके मजे ले रहे हैं। महेश्वरी नाम के एक यूजर ने कमेंट किया – क्या बखूबी आपने समझाया है। अनुराधा सिंह नाम की यूजर लिखती हैं, “वाह मुझे लगता है हिंदुस्तान के अंतिम पंक्ति वालों तक भी आपका संदेश अच्छे से पहुंच गया है।”
@MAstanJai नाम के ट्विटर हैंडल से कमेंट आया कि वायरस का कहर अभी समाप्त नहीं हुआ है। अंततः घर से उतना ही निकलें, अत: घर से उतना ही निकलें, जितना मोदी प्रेस कॉन्फ्रेंसिंग करता है। मास्क का उपयोग उतना करें जितना नारंगी खटमल राहुल का नाम लेते हैं क्योंकि इसमें डॉक्टर भी उतना ही जानते हैं, जितना मोदी अर्थशास्त्र के बारे में जानता है। एक यूजर ने कमेंट किया – गजब सर, क्या उपयुक्त सलाह दिए हैं?
भारत में कोरोना की स्थिति – स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान देश में 16,764 नए मामले सामने आए हैं जबकि 7,585 ठीक हुए हैं। देश में ओमिक्राॅन वैरीअंट के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। गौरतलब है कि भारत में ओमिक्राॅन केस 12 सौ पार हो गए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्राॅन के 450 मरीज हो गए हैं वहीं दिल्ली में ओमिक्राॅन से 320 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं।