कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से चर्चा हो रही है। इसको लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी के ज्यादातर नेता कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दोबारा अध्यक्ष बनाना चाह रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनाने के पक्ष में सर्वसम्मति है। गहलोत ने कहा कि अगर राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो काफी लोग नाराज हो जाएंगे। उनके इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स भी कई तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
अशोक गहलोत का बयान
अशोक गहलोत ने कहा कि देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं का ध्यान रखते हुए राहुल गांधी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी स्वीकार कर लेनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक निराशाजनक स्थिति होगी। कई लोग घर बैठ जाएंगे और इससे पार्टी को बहुत नुकसान होगा। उनके ऐसा करने से बहुत सारे लोग नाराज भी हो सकते हैं।
अशोक गहलोत ने कहा – 75 सालों तक देश में लोकतंत्र को कांग्रेस ने रखा है जिंदा
अशोक गहलोत ने कहा कि मुझे लगता है कि राहुल गांधी को यह पद संभाल लेना चाहिए, यहां पर गांधी और गैर गांधी का कोई मामला है। उन्होंने कहा कि यह संगठन का काम है, कोई प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा रहा। उनकी ओर से कहा गया कि पिछले 32 साल में गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री या केंद्रीय मंत्री और यहां तक मुख्यमंत्री भी नहीं बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि वह गांधी परिवार से क्यों डर रहे हैं? लोकतंत्र की बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसे 75 साल तक देश में जिंदा रखा है।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
महेंद्र कुमार नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि अशोक गहलोत जी राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाने से पार्टी का वोट बैंक नहीं बढ़ने वाला है। जब तक गैर गांधी परिवार का कोई पार्टी अध्यक्ष नहीं बनेगा, तब तक पार्टी की स्थिति ऐसे ही रहने वाली है। अभिषेक पाल नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं – गहलोत को भी अपनी कुर्सी जाने का डर है इसलिए वह भी कांग्रेस के अध्यक्ष नहीं बनने वाले। प्रमोद सिंह नाम के एक यूजर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए लिखा, ‘ वैसे भी घर में ही बैठे हैं सब।’
रामनिवास नाम के एक यूजर ने लिखा कि ऐसे अनमने ढंग से ये लोग बीजेपी से लड़ने जा रहे हैं। एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट किया कि गहलोत ओवरटाइम काम कर लेंगे लेकिन कांग्रेस का अध्यक्ष पद नहीं स्वीकार करेंगे क्योंकि उन्हें अपनी कुर्सी जाने का डर है। मनोज शर्मा नाम के यूजर द्वारा लिखा गया कि बिना मनोरंजन के तो कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज ही हो जाएंगे इसलिए राहुल गांधी को अध्यक्ष जरूर बनाया जाए।