कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले हुए हैं। जिसको लेकर राजस्थान सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने एक बयान दिया। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करते हुए कहा कि वह भगवान राम से भी ज्यादा पैदल चलने वाले हैं। अशोक गहलोत के मंत्री के बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
परसादी लाल ने दिया ऐसा बयान
स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भगवान राम अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे लेकिन राहुल गांधी तो कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी 3500 किलोमीटर की पदयात्रा निकाल रहे हैं। जो एक ऐतिहासिक पदयात्रा होने जा रही है। जानकारी के लिए बता दें कि परसादी लाल मीणा अक्सर ही अपने बयानों के जरिए सुर्खियों में बने रहते हैं।
बीजेपी पर बोला हमला
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि यह देश में सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश में लगी हुई है और उनके नेता केवल धर्म आधारित राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता में नफरत पैदा करने का काम करती है इसलिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। जिसके जरिए वह देश में शांति, भाईचारा और मोहब्बत का संदेश देंगे। गहलोत के मंत्री ने दावा किया कि भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी घबराई हुई है।
यूजर्स के कमेंट्स
सौरभ जैन नाम के ट्विटर यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया कि बस ऐसे बयान देते रहो तो 2023 में टिकट जरूर मिल जाएगा। सुभाष चतुर्वेदी नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा – इन्हें क्षमा करना भगवान, ये नहीं जानते कि ये क्या कह रहे हैं। सत्यनारायण नाम के एक यूजर द्वारा कमेंट किया गया कि भगवान श्रीराम ने रावण राज समाप्त किया और राहुल गांधी दिल्ली सत्ता की लंका को ध्वस्त करने के लिए पदयात्रा पर निकले हैं। शैलेश नाम के टि्वटर हैंडल से कमेंट आया कि इन्हीं बयानों के साथ अब कांग्रेस मुक्ति धाम के और पास पहुंच गई है।
एक अन्य यूजर द्वारा लिखा गया कि भगवान राम श्री लंका रावण को दंड देने के लिए गए थे और राहुल गांधी वोट जोड़ने के लिए निकले हैं। गजानंद नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए कमेंट किया – अरे मंत्री जी ऐसा नहीं लगता है कि आप कुछ ज्यादा ही भूल गए हैं। राहुल नाम के एक यूजर लिखते हैं कि अब मंत्री तो बना दिया है, क्या मुख्यमंत्री बनने की लालच पाल लिए हो क्या जो इस तरह का बयान दे रहे हो?