गुजरात के मोरबी में हुए ब्रिज हादसे पर आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया है कि, एक घड़ी बनाने वाली कंपनी को पुल का ठेका क्यों दिया गया? उन्होंने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया है। अरविंद केजरीवाल के सवाल पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जवाब भी दिए हैं।
केजरीवाल ने बीजेपी पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी से सवाल किया कि क्या बीजेपी को इस कंपनी द्वारा चंदा दिया गया है? इसका जवाब मुझे पता करना है। उन्होंने कहा कि बीते दिन एक अधिकारी ने बताया था कि पुल का रिनोवेशन करने वाली प्राइवेट कंपनी ने सरकार से अनुमति लिए बिना इसे दोबारा खोल दिया है।
दिल्ली सीएम ने बीजेपी से किए ऐसे सवाल
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर लिखा कि, ‘बीजेपी सरकार से देश के लोगों के कुछ सवाल हैं। घड़ी बनाने वाली कंपनी को पुल का ठेका क्यों? बिना टेंडर के ठेका क्यों दिया? कंपनी और मालिक का नाम FIR में क्यों नहीं है? उन्हें क्यों बचाया जा रहा है? क्या बीजेपी को कभी इस कंपनी से चंदा मिला? कितना?’
लोगों के जवाब
नरेश सागर नाम के एक ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि आप लोग तो मौत पर भी राजनीति चमकाने लग जाते हो। रेखा चौबे नाम की एक यूजर ने सवाल किया – मोरबी हादसे में आप पीएम और मुख्यमंत्री को जिम्मेदार बता रहे हैं लेकिन दिल्ली हिंदू विरोधी दंगे पर तो कभी सवाल नहीं किया था। वीरेंद्र नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘जेल में बंद सत्येंद्र जैन पर जवाब देने के बजाय खुद सवाल करने में लगे हुए हो।’
अश्वनी नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि अगर बीजेपी ने भ्रष्टाचार नहीं किया है तो अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए सवालों का जवाब देना चाहिए। रविंद्र शुक्ला नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ‘ दिल्ली तो संभल नहीं रहा है आपसे, गुजरात के लिए कूद रहे हो।’ राजीव सिंह नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि आप तो केवल स्क्रिप्ट तैयार करके बैठ जाते हो। मोरबी के पीड़ितों से मिलने आप क्यों नहीं गए?
