एशिया कप में भारत को पाकिस्तान से मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ी अर्शदीप सिंह विवादों में आ गए। सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके प्रति अपनी नाराजगी प्रकट की और अब पाकिस्तान पर आरोप है कि वहां से कुछ लोगों ने अर्शदीप के विकिपीडिया प्रोफाइल के साथ छेड़छाड़ करते हुए उन्हें खालिस्तानी बता दिया। हालांकि अर्शदीप को समर्थन देने वालों की भी कमी नहीं है। कुमार विश्वास ने ट्वीट कर अपना सर्मथन अर्शदीप सिंह को दिया है।
कुमार विश्वास ने दिया समर्थन
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर लिखा, “लव यू वीर अर्शवीर, भगवान आपका भला करे मैं आपके साथ खड़ा हूं। जो दो दिल एक कर देता है असली प्यार होता है, सनम को ही खुदा समझे वही स्वीकार होता है, वतन के वास्ते अपनी जवानी दार पर रख दे, वो भारत मां का असली लाल ही सरदार होता है!”
अर्शदीप के साथ खड़े हुए लोग
भाजपा नेता इंद्रप्रीत सिंह बख्सी ने लिखा कि ना ही वह खालिस्तानी है ना ही वह देशद्रोही है। अर्शदीप सिंह एक युवा भारतीय क्रिकेटर है, जो जी जान से देश के लिए खेलता है। जीत और हार खेल का हिस्सा है, जिन लोगों ने कभी बैट भी नहीं पकड़ा वो भी ज्ञान बांट रहे हैं।
अर्शदीप सिंह के बचाव में पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने लिखा,”युवा अर्शदीप की आलोचना करना बंद करो। कोई जानबूझकर कैच नहीं छोड़ता। हमें अपने लड़कों पर गर्व है। पाकिस्तान ने बेहतर खेला। धिक्कार है ऐसे लोगों पर जो इस प्लेटफॉर्म पर घटिया बातें कहकर हमारे ही लोगों को नीचा दिखा रहे हैं। अर्श गोल्ड है।”
मनजिंदर सिंह सिरसा ने वीडियो जारी कर कहा, “अर्शदीप सिंह के ख़िलाफ पाकिस्तान और ISI द्वारा ट्विटर पर चलाए जा रहे खालिस्तानी ट्रेंड की मैं कड़ी निंदा करता हूं। हर भारतीय अर्शदीप सिंह के साथ खड़ा है और भारत में सिखों को अलग-थलग करने की पाकिस्तान की नापाक कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी।
बता दें कि भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान अर्शदीप सिंह से एक महत्वपूर्ण कैच छूट गया था। जिसके बाद उन्हें लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा था लेकिन इसी बीच कुछ सोशल मीडिया हैंडल एक्टिव हो गए और अर्शदीप सिंह को खालिस्तानी बता दिया। यहां तक कि अर्शदीप सिंह के विकिपीडिया प्रोफाइल से भी छेड़छाड़ की गई, जिसका आरोप पाकिस्तान में बैठे कुछ लोगों पर लगाया गया है।