हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जीत दर्ज कराने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जोर – शोर से तैयारी कर रहे हैं। वह विपक्षी नेताओं पर जमकर हमला भी बोल रहे हैं। एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने :भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। जिस पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।

अनुराग ठाकुर ने किया ऐसा दावा

‘आज तक’ न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम ‘पंचायत आज तक’ में पहुंचे अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल में एक बार फिर से बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश में किए गए सभी वादों को पूरा किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में बदलाव किया है, ऐसे में जनता इस बार सरकार नहीं बदलेगी।

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर किया कटाक्ष

‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निकले राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत के टुकड़े करने वालों के साथ वह चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत तेरे टुकड़े हो होंगे के नारे देने वाले भारत जोड़ो यात्रा में शामिल किए गए। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, ‘ भाई के साथ बहन तो इस यात्रा में जो नहीं पाई, भारत कहां जोड़ने चले हैं।’

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर बोला हमला

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न उठाने वाले लोगों के साथ हिमाचल प्रदेश की जनता कभी नहीं जाएगी। कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में जब सेना के जवान बुलेट प्रूफ जैकेट मांगते थे तो उन्होंने वहां नहीं दिया था। अपनी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दो लाख बुलेट प्रूफ जैकेट सेना को दी है।

लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शन

उज्जवल कुमार नाम के एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि यहां पर बैठकर आप अपनी सरकार की पढ़ाई कर रहे हैं लेकिन मोदी सरकार द्वारा चलाई गई वंदे भारत ट्रेन कितनी बार खराब हो चुकी है। उस पर भी बात कर लीजिए। अविनाश त्रिपाठी नाम के एक यूजर द्वारा लिखा, ‘ देश के गद्दारों को… जैसा नारा देने वाले लोग दूसरों को ज्ञान दे रहे हैं।’ अरुण कुमार शर्मा नाम के एक यूजर ने कमेंट किया – इस यात्रा की सफलता को देखकर बहुत सारे विरोधी पागल हो गए हैं। बीजेपी वाले तो बिल्कुल परेशान नजर आ रहे हैं।