केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को ‘फिट इंडिया मोबाइल ऐप’ लांच किया। फिट इंडिया कार्यक्रम के 2 साल पूरे होने पर यह ऐप मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में लांच किया गया। इस ऐप की लॉन्चिंग के दौरान खेल मंत्री रस्सी कूदने लगे, काफी देर तक वह रस्सी कूदते रहे। वहीं आसपास खड़े लोग खेल मंत्री का हौसला अफजाई करने के लिए तालियां बजाते दिखे।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के इस वीडियो पर लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। कुछ लोग खेल मंत्री की आलोचना करते नजर आ रहे हैं तो वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स उनकी तारीफ में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि स्टेडियम तो अब सारे ही बेच ही चुके हैं, तो अब बंद कमरों में ही रस्सी कूदेंगे। इसे अधिक तो अभी उम्मीद ही नहीं की जा सकती। @imran3073181 टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि स्टेडियम तो बेच दिया इंडिया ने?
एक ट्विटर यूजर खेल मंत्री के इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखते हैं कि यह वीडियो शूट करने के लिए कितने दिन प्रैक्टिस करी थी? एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि इतनी उम्र में ऐसी फुर्ती, बहुत कम देखने को मिलती है। आप ही ओलंपिक्स में प्रतिनिधित्व करते तो 6 – 7 पदक और मिल जाते देश को.. लेकिन मजाक को अलग रखते हुए, यह कहना चाहूंगा कि मानना पड़ेगा कि प्रशंसनीय दृश्य है। अनुराग ठाकुर का यह वीडियो केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी शेयर किया है। उन्होंने खेल मंत्री की तारीफ़ भी की है।
अजय दुबे नाम के ट्विटर यूजर इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखते हैं कि पहली बार… स्पोर्ट्स मिनिस्टर को स्पोर्ट में उनकी रुचि देख प्रसन्नता होती है। स्पोर्ट्स मिनिस्टर फिट.. स्पोर्ट्स फिट। एक ट्विटर यूजर ने कमेंट किया कि सही हाथों में है खेल मंत्रालय। @aneesakhtar नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि मोदी के मंत्रियों का यही काम रह गया है। सारा काम तो पूंजीपतियों को दे दिया है।
बता दें कि 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इसी मौके पर फिट इंडिया मोबाइल ऐप लॉन्च करने के दौरान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि फिट इंडिया एप मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि है, जो देश के खिलाड़ियों के प्रतीक हैं। उन्होंने फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज का स्लोगन भी दिया। जानकारी के लिए बता दें कि साल 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया अभियान की शुरुआत की थी।