समाजवादी पार्टी के संस्थापक प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से ही उनके गांव सैफई में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है। मुलायम का निधन 10 अक्टूबर को हुआ था। उसके बाद से ही सपा कार्यकर्ता उनके घर जाकर अपने नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने मुलायम सिंह यादव की आवाज निकालते एक सपा कार्यकर्ता का वीडियो शेयर किया है।
सपा कार्यकर्ता ने निकाली मुलायम सिंह यादव की आवाज
अनुराग भदौरिया द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सपा समर्थक मुलायम सिंह यादव की आवाज में बात कर रहा है। अनुराग भदौरिया से मुलायम की आवाज में कहता है, ‘आप अनुराग भदौरिया जी, आपको पाकर हम सब गौरवान्वित हैं। करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से आपको बहुत-बहुत बधाई देते हैं। समाजवादी परिवार की ओर से आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। हम अध्यक्ष से कहेंगे कि आपको और ऊंचा ले जाएं। आप टीवी चैनलों पर छाए हुए हैं।’
सपा नेता ने शेयर किया वीडियो
हुबहू मुलायम सिंह यादव की आवाज में बात करते सपा समर्थक का वीडियो शेयर कर अनुराग भदौरिया ने लिखा कि, ‘इटावा के गांव में रहने वाले व्यक्ति में नेताजी की आवाज में बात करने की कमाल की कला है। आप भी सुनिए।’ जानकारी के लिए बता दें कि 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव का निधन दिल्ली के मेदांता अस्पताल में हुआ। लंबी बीमारी से जूझ रहे मुलायम के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार 11 अक्टूबर को सैफई में किया गया।
हरिद्वार में अखिलेश ने किया अस्थि विसर्जन
समाजवादी पार्टी के मुखिया ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थि का विसर्जन 17 अक्टूबर को हरिद्वार के नमामि गंगा घाट में किया। इस दौरान अखिलेश यादव के साथ उनका पूरा परिवार मौजूद था। अस्थि विसर्जन के बाद अखिलेश यादव के साथ डिंपल यादव और परिवार के अन्य लोगों ने गंगा स्नान भी किया। गौरतलब है कि कर्मकांड के दौरान अपने पिता को याद करते हुए अखिलेश यादव की आंखें कई बार नम भी हुईं।
घाट पर भी उमड़ा था सपा समर्थकों का हुजूम
पिता मुलायम सिंह यादव की अस्थियों का विसर्जन करने हरिद्वार पहुंचे अखिलेश यादव से मिलने के लिए उनके समर्थकों का हुजूम पहुंचा हुआ था। मुलायम सिंह के निधन के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई ऐसी तस्वीरें और वीडियो आए, जिसमें उनके समर्थक मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए बुरी तरह से रो रहे थे।