महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव रहते हैं। उनके ट्विट्स और मदद करने का अंदाज हमेशा चर्चाओं में बना रहता है। इसी तरह की मदद का ऑफर एक शख्स के लिए आनंद महिंद्रा ने फिर से किया है। एक शख्स के स्क्रैप द्वारा बनाए हुए जीप का वीडियो जब उनतक पहुंचा तो उन्होंने उसे बोलेरो देने की पेशकश कर दी है।
दरअसल महाराष्ट्र के एक व्यक्ति ने स्क्रैप मेटल से एक जीप बनाया है। शख्स का नाम दत्तात्रेय लोहार है और उसने अपने बेटे की इच्छा को पूरी करने के लिए इस जीप को बनाया है। इस जीप का वीडियो जब आनंद महिंद्रा को दिखा तो वो उससे काफी प्रभावित हुए। उन्होंने इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुए महिंद्रा कंपनी की गाड़ी बोलेरो देने की पेशकश की है।
उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- “यह स्पष्ट रूप से किसी भी नियम से मेल नहीं खाता है, लेकिन मैं अपने लोगों की सरलता और ‘कम से अधिक’ क्षमताओं की प्रशंसा करना कभी बंद नहीं करूंगा”।
इसके बाद एक और ट्वीट आनंद महिंद्रा ने किया। इसमें उन्होंने लिखा कि स्थानीय अधिकारी जल्द या बाद में उसे वाहन चलाने से रोक देंगे क्योंकि यह नियमों का उल्लंघन करता है। मैं व्यक्तिगत रूप से इस जीप के बदले में बोलेरो की पेशकश कर रहा हूं। हमें प्रेरित करने के लिए उनके इस जीप को महिंद्रा रिसर्च वैली में प्रदर्शित किया जा सकता है।
45 सेकंड के इस वीडियो में महाराष्ट्र के देवराष्ट्र गांव के एक लोहार दत्तात्रेय लोहार को दिखाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार इस गाड़ी को सिर्फ 60 हजार रुपये खर्च करके बनाया गया है। यह गाड़ी किक से स्टार्ट होती है।
आनंद महिंद्रा इनोवेटिव चीजों के प्रशंसक के रूप में जाने जाते हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने ऐसे कार्यों की सराहना करते हुए मदद की पेशकश की है। इससे पहले भी वो इस तरह के इंजीनियरिंग काम को देखकर आकर्षित होते रहे हैं और लोगों की मदद करते रहे हैं।