योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का वीडियो शेयर कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा। दरअसल, सुरेश खन्ना सरकार के कामकाज को लेकर की गई एक समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान विकास के सवाल पर उन्होंने कहा कि आपको सही चश्मे से देखना चाहिए।
सुरेश खन्ना ने बिजली संकट को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में दावा किया कि आज भी ग्रामीण क्षेत्र में 16 घंटे बिजली मिल रही है। इस दौरान पत्रकारों ने पूछा, ‘अगर बिजली व्यवस्था और पानी नहीं होगी तो गांव स्मार्ट कैसे बन पाएंगे?’ इस पर योगी के मंत्री ने कहा कि आप लोग सही चश्मे से देखिए, सब कुछ दिखाई देगा। पत्रकारों ने इस पर कहा कि हम लोगों ने सही चश्मे से ही देखा है।
इसके साथ ही गौशाला को लेकर सवाल किया कि गौशालाओं में गाय मर रही हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में गायों की बहुत बदहाल स्थिति है? इस पर योगी के मंत्री की ओर से कहा गया कि गौशालाओं में जो भी अव्यवस्था पाई जाती है, उस पर काम किया जाता है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग भी अव्यवस्था में दोषी पाए जाते हैं, उन पर हमारी सरकार में कार्यवाही भी की जा रही है।
अखिलेश ने कसा तंज : सपा प्रमुख ने सुरेश खन्ना का यह वीडियो शेयर कर लिखा कि भाजपा 2.0 के राज में। अखिलेश द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर आम सोशल मीडिया यूजर्स भी कमेंट करने में पीछे नहीं हैं। कुछ लोग अखिलेश की बात का समर्थन कर रहे हैं तो वहीं कुछ यूजर्स ने उन पर तंज कसते हुए कहा है कि आप के राज में भी ऐसी ही व्यवस्था थी।
लोगों के रिएक्शन : रणवीर सिंह नाम के एक ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं, ‘ मंत्री जी नजर और चश्मा बदलने की बात कर रहे हैं। आप काम करिए नजर और नजरिया दोनों बदल जाएंगे। जमीनी हकीकत आप की नाकामियों से भरी पड़ी है। सूरज त्रिपाठी नाम के एक यूजर सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए लिखते हैं – आप के राज में तो सब हमेशा एसी में सोते थे। जरा याद करो कि मुलायम की सरकार में ग्रामीण इलाके में कितनी बिजली दी जाती थी।
