उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ सरकार की वापसी के बाद से ही अवैध रूप से बनाए गए मकानों और बिल्डिंग ऊपर बुलडोजर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बरेली से समाजवादी पार्टी के विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर योगी सरकार ने बुलडोजर चला दिया। कुछ दिन पहले ही अखिलेश के विधायक ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पर विवादित टिप्पणी की थी। सपा विधायक के पेट्रोल पंप पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रिया देने में लगे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं : तुषार श्रीवास्तव नाम के ट्विटर हैंडल से पेट्रोल पंप को जमीदोज़ करते बुलडोजर का वीडियो शेयर कर लिखा गया कि बरेली में सपा विधायक शहजिल इस्लाम के अवैध पेट्रोल पंप पर बाबा के बुलडोजर ने कार्रवाई की। बड़ा सवाल यह है कि सारे अवैध काम का ठेका इन्हीं के पास क्यों है। जय नाम के एक यूजर ने कमेंट किया – सपा विधायक के बयान के बाद ही प्रशासन को अवैध निर्माण होने का पता चला?
अजय शर्मा लिखते हैं, ‘अब न्यायालय और कानून को खत्म कर देना चाहिए। जब ऐसे ही फैसला करना है तो इन चीजों की क्या ही जरूरत है।’ आशीष भारती नाम के ट्विटर हैंडल से कमेंट किया गया कि पिछले 5 सालों से सरकारी कर्मचारी सो रहे थे क्या? योगी आदित्यनाथ के ऊपर टिप्पणी करने के बाद ही इस तरह की कार्यवाही की जा रही है। अजय सिंह नाम के एक यूजर ने लिखा – इस कार्रवाई से यह समझा जाए कि बदला लिया गया है।
कपिल नाम के एक यूजर लिखते हैं – पेट्रोल पंप हमेशा प्रशासन की निगरानी में बनता है तो अवैध बनते समय जिला प्रशासन ने कार्रवाई क्यों नहीं की थी। जब खुद पर टिप्पणी की गई तो अवैध दिखाई देने लगा। विक्रम नाम के यूजर ने कमेंट किया – बाबा जी ने तो कुछ ही देर में सपा विधायक की हेकड़ी निकाल दी, बाकी लोग भी बाबा के बारे में जरा सोच विचार कर टिप्पणी किया करें।
सपा विधायक ने योगी आदित्यनाथ पर की थी यह टिप्पणी : शहजिल इस्लाम ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उनके मुंह से आवाज निकली तो हमारे बंदूको से धुआं नहीं, गोलियां निकलेंगी। जानकारी के लिए बता दें कि इस बयान के साथ दिन बाद ही विधायक के पेट्रोल पंप पर बड़ी कार्रवाई की गई है। इस मामले में शहजिल इस्लाम पर आरोप है कि उन्होंने बिना नक्शा पास कराए पेट्रोल पंप बनवा लिया था।