उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के काफिले में चोर घुस गये और समाजवादी कार्यकर्ता बन कई लोगों के पॉकेट मार लिए। हालांकि खुद सपा कार्यकर्ताओं ने चोरों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की है। बाद चोरों को पुलिस अपने साथ ले गई। इस पर खुद अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव के काफिले में शामिल हुए चोर!
बुधवार 16-17 अगस्त को अखिलेश यादव बांदा के दौरे पर थे, जहां सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। हालांकि अखिलेश यादव के खाफिले में चोरों का एक गिरोह लग्जरी गाड़ियों से शामिल हो गया था। जहां-जहां अखिलेश यादव का काफिला रुकता, चोर भीड़ में पहुंच जाते और सपा कार्यकर्ताओं के मोबाइल और पर्स पर हाथ साफ कर देते।
पुलिस हवाले किए गये चोर
सपा कार्यकर्ता इससे परेशान हो गए और लोगों पर निगरानी रखनी शुरू की। दो गाड़ियां जो गाजियाबाद और हरियाणा की रजिस्टर्ड थी, उनमें सवार लोगों पर शक हुआ। सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से करीब दो दर्ज मोबाइल फोन बरामद होने की जानकारी आ रही है। सपा कार्यकर्ताओं ने चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस ने जब युवकों की तलाशी ली तो चोरों के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ है। सपा नेता उमेश यादव ने बताया कि पिछली बार भी जब अखिलेश यादव आये थे तो भी इसी तरह चोरी हुई थी। हरियाणा का नम्बर देखकर हमें शक हुआ। हमने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि हम लोगों ने पांच चोरों को पकड़ा है।
अब इस पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने लिखा है, “भाजपा राज में जेबकतरे बड़ी-बड़ी गाड़ियों से चलने लगे हैं… क्या यही है भाजपा के विकास का मॉडल!” वहीं अब पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जांच हो रही है कि लग्जरी गाड़ियां इन्हीं की हैं या किराए पर लाए थे। पुलिस ने भी पांच लोगों के पकड़े जाने की पुष्टि की है।