सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे वीडियो वायरल होते हैं, जिन्हें देखकर आप बिना कमेंट किए आगे नहीं बढ़ पाते हैं। एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक मुस्लिम महिला सड़क पर बिखरे अपने फल को उठा रही है, वहीं साइकिल से जा रहे हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति रुक कर उनकी मदद कर रहा है। इस वायरल वीडियो को लेकर लोग कई तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में क्या है? : कई सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो में एक मुस्लिम महिला टोकरी में फल लेकर जा रही है। इसी बीच उसकी टोकरी सड़क पर गिर जाती है और पूरा फल सड़क पर बिखर जाता है। वह परेशान होकर फल बटोरने लगती है, इसी बीच हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति अपनी साइकिल रोककर महिला की मदद करने लगता है। जिसके बाद दोनों एक दूसरे से बात करते हुए दिखाई देते हैं।

वायरल वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं : कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने अपने ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि समय रहते हनुमान जी ने मदद की। हनुमान अचार्य नाम की एक ट्विटर यूजर इस वीडियो के साथ कमेंट करती हैं कि ऐसी ही भारत की शक्ति को बढ़ाने की ताकत मिलेगी, बहकावे में आकर दंगे न करें। सौहार्द बढ़ाएं।

Also Read
कांग्रेस ने PM पर साधा निशाना- देश में संकट छाया है मगर साहब को विदेश भाया है, पार्टी करते राहुल गांधी का वीडियो दिखा मजा लेने लगे यूजर्स

IAS अवनीश शरण ने इस वीडियो के साथ लिखा कि हेल्पिंग हैंड्स। राजा सिंह नाम के एक यूजर इस वीडियो पर कमेंट करते हैं कि या है हमारी भारतीय संस्कृति और यह लोगों के रग-रग में है। प्रशांत नाम के एक यूजर कहते हैं कि यह मेरा देश है। सूरज त्रिपाठी नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया – हमारे देश में सभी लोग इसी सद्भाव से रहना चाहते हैं मगर राजनीति की वजह से सांप्रदायिकता बढ़ती चली जा रही है।

जानकारी के लिए बता दें कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को कई लोगों ने शेयर किया हुआ है हालांकि इस वीडियो के बारे में यह जानकारी नहीं मिली है कि यह कब और कहां का है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो को स्क्रिप्टेड भी बताया है।