सेहत को लेकर अक्सर हम ढेर सारी हिदायतों की चर्चा करते हैं। खासतौर पर खानपान के बारे में तो इतने परहेज गिना दिए जाते हैं कि लगता है कि कुछ भी अच्छा या मन का खाना मतलब सेहत से समझौता करना है। पर ऐसा नहीं है। खाने की कई ऐसी चीजें हैं जो सबको भाती तो हैं ही सेहत पर भी इनका अनुकूल असर पड़ता है। इन दिनों पारा तेजी से चढ़ने लगा है। गर्मी के आते ही ठंडी चीजें खाने-पीने की तलब होने लगती है। इनमें सबसे लोकप्रिय है आइसक्रीम। आमतौर पर आइसक्रीम को सेहत के लिहाज से कोई खास महत्त्व नहीं दिया जाता है। पर जानकर खुशी होगी कि आइसक्रीम खाने के कई फायदे बताए गए हैं। लिहाजा अगर आपको आइसक्रीम खाना पसंद है तो इससे जुड़ी कुछ बातें आपकी खुशी को और बढ़ा देंगी।
मिथक और सच
सबसे पहले तो आप इस मिथक को दिमाग से निकाल दें कि आइसक्रीम और सेहत का छत्तीस का आंकड़ा है। दरअसल अलग-अलग फ्लेवर में आने वाली आइसक्रीम आपकी सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद है। आइसक्रीम एक डेयरी उत्पाद है, इसलिए इसमें कई पोषक तत्त्व भी मौजूद हैं। इनके सेवन से आपका शरीर कई लिहाज से स्वस्थ बनता है। इसमें विटामिन और प्रोटीन भी भरपूर मात्रा मौजूद होती है, इसलिए इसके नियमित सेवन को लेकर भी कोई खास परहेज की जरूरत नहीं है।
हड्डियां को मजबूती
बाकी डेयरी उत्पादों की तरह आइसक्रीम में भी काफी मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है। कैल्शियम के सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं। शरीर को थकान न हो इसके लिए कैल्शियम की जरूरत रहती है। गौरतलब है कि शरीर में मौजूद 99 फीसद कैल्शियम हड्डियों में ही पाया जाता है। ऐसे में डेयरी उत्पापद का सेवन करने से आपके शरीर में कैल्शियम की प्रचुर मात्रा बनी रहती है। रोजाना दूध से बनी आइसक्रीम खाने से आॅस्टियोपोरोसिस (हड्डियां पतली और कमजोर होने की बीमारी) का खतरा काफी कम हो जाता है।
त्वचा के लिए उपयोगी
दूध से बनी आइसक्रीम प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। प्रोटीन शरीर के अलग-अलग हिस्सों जैसे हड्डियां, मांसपेशियां, खून और त्वचा के लिए फायदेमंद रहता है। इससे ऊतकों और मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। नाखून और बाल भी प्रोटीन से ही बने होते हैं। आइसक्रीम खाने से शरीर को अपेक्षित प्रोटीन मिल जाता है।
विटामिन ही विटामिन
आइसक्रीम में विटामिन ए, बी-2 और बी-12 पाया जाता है। विटामिन ए आपकी त्वचा, हड्डियों और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। इसके अलावा इससे आंखों की रोशनी भी बेहतर होती है। विटामिन बी-2 और बी-12 मेटाबॉलिज्म को संतुलित रखता है और बी-12 वजन घटाने में सहायक होता है। अगर आपको दूध पीना अच्छा नहीं लगता तो आप आइसक्रीम खाकर विटामिन की कमी को पूरा कर सकते हैं।
कुछ नुकसान भी
-ऐसा नहीं कि आइसक्रीम का सेवन आपको केवल फायदा ही पहुंचाता है। इसके सेवन से शरीर को कई तरह से नुकसान भी पहुंचता है। आइसक्रीम में शक्कर की मात्रा काफी होती है। इसलिए यदि आप इसे अधिक मात्रा में खाते हैं तो मोटापे का खतरा रहता है।
-बटर और चॉकलेट से बनी आइस्क्रीम में कैलोरी भी ज्यादा होती है, जो कि शरीर के लिए नुकसानदेह है। ज्यादा आइस्क्रीम खाने से सिरदर्द, फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या भी हो सकती है। ध्यान रहे कि आइसक्रीम खाने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच अवश्य कर लें।
-आइसक्रीम में मेवा और दूसरी फैटी चीजें भी मौजूद रहती हैं। इससे खानपान का संतुलन बिगड़ जाता है। आधा कप मेवा वाले आइसक्रीम में करीब 250 ग्राम कैलोरी होती है। इसलिए अगर आप कैलोरी बर्न करना चाहते हैं तो सादे आइसक्रीम का सेवन करें।
-संतुलित खानपान के लिए सबसे अहम है कि आप रोज कितनी कैलोरी ले रहे हैं और कितनी कैलोरी हर दिन बर्न कर रहे हैं। अगर आप इन दोनों के बीच संतुलन रखने में कामयाब रहते हैं तो वजन कम करना बहुत आसान हो जाएगा।
(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)