आजकल तो महानगरों में चौबीसों घंटे आनलाइन भोजन मंगाने की सुविधा हो गई है। बहुत सारे युवा आधी रात के बाद भी पिज्जा वगैरह मंगा कर खाते हैं। कुछ तो रात पाली में काम करने वालों को इस तरह की लत अधिक देखी जाती है, मगर देर रात तक जाग कर पढ़ने वालों या बेवजह रात को फोन या टीवी देखते रहने वाले युवाओं में भी यह लत पैदा हो गई है।

इस लत का एक कारण ऊब और असुरक्षा भी है। बहुत सारे युवा घर में बोर होते या ऊबने लगते हैं, तो उनका ध्यान भोजन की तरफ जाता है। इसी तरह असुरक्षा की वजह से भी खाने की तलब लगती है। यह तलब महिलाओं में भी देकी जाती है। आमतौर पर ऐसे बेवक्त खाने वालों को कुछ मीठा खाने की तलब अधिक होती है। इस लत को चिकित्सीय भाषा में ह्यफूड क्रेविंगह्ण कहते हैं।

कुछ लोगों को खाने की तलब इतनी ज्यादा होती है कि जब तक वे उस चीज को खा न लें, तब तक उन्हें सुकून नहीं मिलता है। कभी-कभी जंकफूड खाने का मन करना आम बात है, लेकिन अगर बार-बार ऐसे भोजन की तलब होती है तो आपको इसके बारे में सोचना चाहिए। यह सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकती है। यह वजन बढ़ने का मुख्य कारण भी बन सकता है।

मगर, इसे लेकर बहुत परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर कुछ उपाय आजमाए जाएं, तो आसानी से बेवक्त और बार-बार, सेहत के लिए नुकसानदेह भोजन खाने की तलब नियंत्रित हो सकती है। आइए जानते हैं इसे रोकने के कुछ उपाय। भोजन का वक्त तय करें।

सबसे पहली बात कि अपने दिमाग में यह नियम बिठा लें कि भोजन का समय तय न होने से शरीर का चयापचय यानी मेटाबालिज्म गड़बड़ होता है, जिसके चलते मोटापा बढ़ता और शरीर में बुरा कोलेस्ट्राल जमा होने लगता है। यह हृदय रोगों को जन्म दे सकता है।
इसलिए चाहे जितनी भी व्यस्त दिनचर्या क्यों न हो सुबह, दोपहर और शाम के भोजन का समय तय कर लें और रोज उसी समय पर भोजन करें। भूख का सीधा संबंध हमारे दिमाग से होता है, इसलिए अगर आपका दिमाग भोजन की आदतों का अभ्यस्त हो जाएगा, तो बार-बार भोजन की तलब खत्म हो जाएगी।

भरपूर में पानी पीएं

जंकफूड की तलब रोकने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। दरअसल, शरीर में पानी की कमी के कारण दिमाग में भूख महसूस होती हैं। इससे, आपको हमेशा हमेशा कुछ न कुछ खाने की इच्छा होती है। पानी पीने से भूख शांत होती है, इसलिए खाने तलब लगने पर एक गिलास पानी पी लें। इससे आप अस्वस्थकर खाने से बचे रहेंगे।

बढ़ाएं प्रोटीन की मात्रा

मांसपेशियां को सुदृढ़ बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन लेना बहुत जरूरी है। इससे जंकफूड की तलब को रोकने में भी मदद मिलती है। प्रोटीन युक्त भोजन खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे व्यक्ति को कुछ भी खाने की इच्छा नहीं होती। इसके लिए आप अपने भोजन में सोया, पनीर, अंडे, दालें आदि शामिल कर सकते हैं।

सोच-समझ कर खाएं

अपने दिमाग को यह समझाना बहुत जरूरी है कि हमारे शरीर को भोजन की जरूरत ऊर्जा के लिए होती है, न कि हर चीज का स्वाद लेते रहने या बेवजह खाते रहने के लिए। भोजन की तलब या ज्यादा खाने से बचने के लिए सोच-समझ कर खाना बहुत जरूरी है। इसका मतलब भूख और भोजन की तलब के बीच अंतर करना होता है।

जब भी आपको भूख लगे तो कुछ स्वास्थ्यकर खाएं। मसलन, अगर आपको चाकलेट की तलब हो रही तो आप सेब या कोई भी मीठा फल खा सकते हैं। इसके साथ ही, खाने के बीच में थोड़ा अंतर जरूर रखें। इससे आप सुनिश्चित कर पाएंगे कि आपका पेट भरा है या नहीं।

च्यूइंग गम चबाएं

जब भी आपको कुछ जंकफूड खाने का मन करे, तो एक च्यूइंग गम चबा लें। च्यूइंग गम चबाना जंकफूड की तलब को नियंत्रित करने का एक आसान तरीका है। च्यूइंग गम चबाने से भोजन और मीठे की तलब को शांत करने में मदद मिलती है। जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक सरल और प्रभावी उपाय हो सकता है।

पर्याप्त नींद लें

जंकफूड खाने की तलब नींद की कमी के कारण हो सकती है। आपने ध्यान दिया होगा कि जो लोग रात में देर तक जागते हैं, वे कुछ न कुछ उटपटांग खा लेते हैं। भोजन की तलब से बचने के लिए भरपूर नींद लें। जिस तरह खाने का समय निर्धारित करना जरूरी है, उसी तरह सोने का समय भी निर्धारित करें। देर रात तक जागने के बजाय जल्दी सोने और सुबह जल्दी जागने की आदत डालें।

(यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। उपचार या स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए विशेषज्ञ की मदद लें।)