आजकल रेस्तरां और बाजार की पटरियों पर पसरे खानपान के बाजार में खाना फैशन बन चुका है। सोशल मीडिया के जमाने में तो बाहर का खाना प्रतिष्ठा की बात हो गई है। मगर बाहर के व्यंजनों को खाने से पहले सेहत पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को भी जेहन में रखना ही चाहिए।
दही कबाब
रेस्तरां में दही के कबाब यानी दही टिक्का या कर्ड कबाब बहुत प्रतिष्ठित व्यंजन माना जाता है। कई लोगों को हैरानी होती है कि दही के भी पकौड़े बन सकते हैं। मगर इसमें हैरानी की बात नहीं। दही के पकौड़े बनाना बहुत आसान है। इतना आसान कि कोई अनाड़ी आदमी भी इसे बना ले।
सामग्री
दही: एक किलो, कार्न फ्लोर: दो बड़े चम्मच, मसाले: कुटी काली मिर्च, नमक, सेंकने के लिए घी।
विधि
दही को एक पतले कपड़े में बांध कर लटका दें। उसका पानी किसी बर्तन में टपकने दें। उस पानी का उपयोग आटा गूंथने या सब्जी में किया जा सकता है। दही पकौड़े बनाने में सबसे समय लेने वाला काम यही है। दही को रात में बांध कर लटका दें और सुबह उतार लें या सुबह लटका दें और शाम को उतार लें। सात-आठ घंटे लटकाए रखने से दही का सारा पानी निथर जाता है। इस तरह दही कड़ा हो जाता है।
निथरे हुए दही को एक परात में लेकर हल्के हाथों से अच्छी तरह मसल लें। जैसे रसगुल्ले बनाने के लिए छेने को रगड़ते हैं, उसी तरह। दही में गांठ न रहने पाए। अब इसमें नमक और कुटी काली मिर्च डाल कर एक बार ठीक से मिला लें और एक चम्मच के बराबर सामग्री लेकर हथेलियों के बीच दबा कर टिक्की का आकार दें। जब सारी टिक्कियां बन जाएं तो एक बड़े कटोरे में कार्न फ्लोर में एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालें और अच्छी तरह मिला लें। इसी मिश्रण में दही के टिक्कों को अच्छी तरह लपेट लें, ताकि ऊपर की परत सख्त हो जाए।
अब एक नान स्टिक पैन गरम करें, उस पर घी चुपड़ें और मध्यम आंच पर जैसे टिक्की सेंकते हैं, उसी तरह दही टिक्कों को सुनहरा होने तक पलट-पलट कर सेंक लें। हरी चटनी के साथ परोसें।
केले का हलवा
केले का हलवा भी रेस्तरां में प्रतिष्ठित व्यंजन की तरह पेश किया जाता है। मगर इसे बनाने के लिए भी किसी विशेष कौशल की जरूरत नहीं होती। रेस्तरां के व्यंजनों में सजावट पर विशेष ध्यान दिया जाता है, वरना स्वाद और शुद्धता तो घर के भोजन में ही होती है। केले का हलवा इस गरमी के मौसम में घर में ही बनाएं और आइसक्रीम के साथ परोसें।
सामग्री
केले: तीन ( पके हुए), चीनी: तीन चम्मच, मेवे: काजू और बादाम कुतरे हुए, आइसक्रीम, घी: एक चम्मच।
विधि
केलों का छिलका उतार कर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। पैन में घी गरम करें। पहले कुतरे हुए मेवे डाल कर हल्का सेंक लें और अलग रख दें। उसी पैन में कटे हुए केले डाल कर मध्यम आंच पर चलाते हुए दो मिनट पकाएं, फिर दो चम्मच चीनी डालें और उसी में तले हुए मेवे डाल दें। दो से तीन मिनट और पकाएं और आंच बंद कर दें। हलवा निकाल कर अलग रख लें। उसी पैन को साफ कर फिर से गरम करें और उसमें एक चम्मच चीनी डालें। चीनी पिघलने लगे तो पैन को हिला-डुला कर पिघली चीनी को फैला लें। आंच मध्यम ही रखें, नहीं तो चीनी जल जाएगी।
जब चीनी पर बुलबुले उठने लगें तो आंच बंद कर दें। पिघली हुई चीनी का रंग बादामी होने लगेगा। पैन को पंखे के नीचे रखें ताकि चीनी जल्दी ठंडी और सख्त हो जाए। इस चीनी को पैन से निकाल कर छोटे-छोटे टुकड़े बनाएं और हलवा के ऊपर डाल दें। दो चम्मच आइसक्रीम के ऊपर एक चम्मच हलवा रखें और परोसें।