Palmistry: हस्तरेखा शास्त्र में हाथों की रेखाओं से व्यक्ति का भविष्य बताया जाता है। ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि हस्तरेखा शास्त्र जीवन से जुड़े सभी रहस्यों को खोल सकता है। इस शास्त्र में व्यक्ति के जीवन से लेकर करियर, शिक्षा, विवाह और मृत्यु तक सभी पहलूओं को हाथों की रेखाओं के माध्यम से समझा जाता है। माना जाता है कि किसी भी व्यक्ति के हाथ में पन्द्रह साल की उम्र तक हाथ की सभी रेखाएं विकसित हो जाती हैं। जिसके बाद यह पता लगाया जा सकता है कि कौन सा व्यक्ति अपने जीवन में क्या कार्य करेगा और किस उद्देश्य से करेगा। जानिये हाथ की ऐसी लकीरों के बारे में, जिनसे किसी व्यक्ति के जीवन में बनते हैं सरकारी नौकरी पाने के लिए योग –

हथेली में गुरु पर्वत पर त्रिभुज या वर्ग का निशान हो तो माना जाता है कि ऐसा व्यक्ति सरकारी नौकरी करता है। साथ ही गुरु पर्वत पर सीधी और स्पष्ट दिखने वाली रेखा अगर भाग्य रेखा तक पहुंचती हो तो भी इसे सरकारी नौकरी का अवसर देने वाला माना जाता है। लेकिन अगर बहुत सारी रेखाएं गुरु पर्वत पर हैं और सारी रेखाएं एक दूसरे को काट रही हैं तो इसे सरकारी नौकरी का योग नहीं माना जाता है।

हस्तरेखा शास्त्र में यह माना जाता है कि सरकारी नौकरी दिलवाने में सूर्य देव का सबसे अधिक सहयोग चाहिए होता है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि हाथ की रेखाओं से सूर्य की स्थिति को कैसे पहचानें। सूर्य पर्वत का उभरा हुआ होना, सूर्य पर्वत पर चक्र बना होना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसे लोगों की निश्चित तौर पर सरकारी नौकरी लगती है। जबकि सूर्य पर्वत पर बहुत अधिक रेखाओं का होना अच्छा नहीं मानते हैं।

माना जाता है कि जब भाग्य रेखा जीवन रेखा को काटते हुए शनि पर्वत और गुरू पर्वत के बीच से जाती हैं तो इससे सरकारी नौकरी पाने के योग बनते हैं। अगर यह रेखा कटी हुई या बीच-बीच में से टूटी हुई है तो इसे अच्छा नहीं माना जाता है। यह सरकारी नौकरी लगने में अड़चनें पैदा करता है। जबकि हथेली पर त्रिभुज वर्ग या चक्र बना हुआ होना सरकारी नौकरी के लिए अच्छा माना जाता है