Unlucky Plants for Home: वास्तु शास्त्र के अनुसार पौधे घर की शोभा और ऊर्जा का मुख्य स्रोत माने जाते हैं। घर में पौधे लगाने से न केवल वातावरण सुंदर बनता है बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा भी बढ़ती है। हरे-भरे पौधे हमारे मूड को अच्छा करते हैं और घर में ताजगी भर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर पौधा शुभ नहीं होता है? दरअसल, वास्तु शास्त्र के अनुसार कुछ पौधे ऐसे हैं जिन्हें घर के अंदर लगाने से मां लक्ष्मी रूठ सकती हैं और घर में नकारात्मक ऊर्जा का वास हो सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं वे 5 पौधे, जिन्हें वास्तु के अनुसार घर के अंदर लगाने से बचना चाहिए, ताकि आपके घर में सुख-शांति और सौभाग्य बना रहे।
कांटेदार पौधे
वास्तु शास्त्र के अनुसार कांटेदार पौधों को घर में लगाना अशुभ माना जाता है। कैक्टस जैसे पौधे देखने में भले सुंदर लगें, लेकिन इनमें न तो खुशबू होती है और न ही ये सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। ऐसे पौधे घर में कलह, तनाव और मानसिक अशांति बढ़ा सकते हैं। अगर आप फूलों के पौधे लगाना चाहते हैं तो गुलाब, मोगरा या चमेली जैसे सुगंधित पौधे लगा सकते हैं।
बोनसाई पौधे
आजकल लोग सजावट के लिए बोनसाई पौधे रखना पसंद करते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र में यह शुभ नहीं माना गया है। वास्तु के अनुसार इस पौधे को घर में लगाने से जीवन में प्रगति रुक सकती है। साथ ही, आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए इसकी जगह ऐसे पौधे लगाएं जो ऊपर की ओर तेजी से बढ़ते हैं, जैसे तुलसी, मनी प्लांट आदि।
इमली का पेड़
इमली के पेड़ को घर के आस-पास लगाना शुभ नहीं माना जाता है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, यह पेड़ नकारात्मक ऊर्जा और बुरी आत्माओं को आकर्षित करता है। इसे घर में लगाने से परिवार में अशांति और विवाद बढ़ सकते हैं। अगर आप इमली लगाना चाहते हैं तो इसे खेत या बगीचे में घर से दूर लगा सकते हैं।
मेहंदी का पौधा
मेहंदी का पौधा औषधीय गुणों से भरपूर होता है, लेकिन वास्तु की दृष्टि से इसे घर में रखना शुभ नहीं माना जाता है। माना जाता है कि यह पौधा घर में मानसिक बेचैनी और अस्थिरता लाता है।
सूखे या मुरझाए पौधे
घर में सूखे, मुरझाए या मरे हुए पौधे रखना बहुत अशुभ माना जाता है। ये पौधे नकारात्मक ऊर्जा फैलाते हैं और घर के वातावरण को भारी बना देते हैं। साथ ही, ऐसे पौधे आपके सौभाग्य को भी प्रभावित करते हैं। इसलिए इन पौधों को तुरंत घर से हटा देना चाहिए और उनकी जगह हरे-भरे पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।