Vastu Tips: ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक घर के प्रत्येक हिस्से का अपना एक अलग महत्व होता है। वहीं, वास्तु ज्ञान की मानें तो हर चीज में एक एनर्जी होती है, जो व्यक्ति पर सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव डालती है। मानयता है कि घर में रखी हर एक वस्तु का हमारी सुख-समृद्धि से कुछ-ना-कुछ संबंध होता है। जिन लोगों की आर्थिक दशा अच्छी न हो, विद्वान मानते हैं कि उन्हें अपने घर की मंदिर में 5 चीजों को जरूर रखना चाहिए। आइए जानते हैं विस्तार से –
मोर पंख रखें: जानकारों का मानना है कि लोग जिस जगह पर पूजा करते हैं वहां मोर पंख रखना बेहद लाभकारी होगा। ऐसा माना जाता है कि इसे रखने से घर में पॉजिटिविटी का संचार होता है। मान्यता है कि जो लोग घर में मोर पंख रखते हैं उन पर सदैव श्रीकृष्ण की कृपा होती है क्योंकि उन्हें मोर पंख बेहद प्रिय हैं।
मंदिर में रखें शंख: विद्वानों का मानना है कि घर के मंदिर में शंख का रखना शुभ होता है। मान्यता है कि इसे रखने से घर का वातावरण शुद्ध और सकारात्मक रहता है। घर में शंखनाद करने से सुख-समृद्धि का वास होता है। जानकार मानते हैं कि शुभ परिणामों के लिए घर में दक्षिणावर्ती शंख रखना चाहिए।
श्री यंत्र से होगा लाभ: मान्यता है कि श्री यंत्र में धन की अराध्या देवी लक्ष्मी का वास होता है। जिन लोगों को पैसों की किल्लत होती है या फिर आर्थिक दिक्कतों से जूझ रहे हैं, उन्हें अपने घर में श्री यंत्र जरूर रखना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से धन लाभ होता है और पैसों की बचत भी होती है।
शालिग्राम स्थापित करें: घर के मंदिर में शालिग्राम स्थापित करना शुभ फलदायी माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि शालिग्राम भगवान विष्णु का ही एक रूप हैं। माना जाता है कि इसे मंदिर में स्थापित करने से श्रीहरि विष्णु और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। जानकार मानते हैं कि शालिग्राम के प्रभाव से लोगों को आर्थिक दिक्कतें नहीं होती हैं।
भगवान की मूर्तियां: कई बार हम घर के हर कोने में भगवान की मूर्तियां रख देते हैं जो कि वास्तु शास्त्र के अनुसार, शुभ नहीं माना जाता। आप घर के ईशान कोण, उत्तर या पूर्व दिशा की तरफ़ भगवान की मूर्तियों को रखकर उनकी पूजा करें।