Pradosh Vrat 2019: भगवान शिव की उपासना करने के लिए प्रदोष व्रत रखा जाता है। हर माह की त्रयोदशी को ये उपवास किया जाता है। माना जाता है कि इस दिन भगवान शिव की उपासना करने से सभी प्रकार के पापों से मुक्ति मिल जाती है। इस बार प्रदोष व्रत रविवार को पड़ा है। रविवार को पड़ने वाले प्रदोष व्रत से आयु वृद्धि तथा अच्छा स्वास्थ्य प्राप्त होता है। जानिए इस व्रत की पूजा विधि और कथा…
प्रदोष व्रत की विधि (Pradosh Vrat Vidhi) :
– प्रदोष व्रत के दिन सुबह जल्दी उठ जाएं। नित्यकर्मों से निवृ्त होकर, भगवान श्री भोले नाथ का स्मरण करें और व्रत करने का संकल्प लें।
– इस व्रत में आहार नहीं लिया जाता है।
– पूरे दिन उपावस रखकर सूर्यास्त से एक घंटा पहले, स्नान आदि कर साफ वस्त्र धारण कर लें। क्योंकि प्रदोष व्रत में शाम के समय पूजा की जाती है।
– पूजन स्थल को गंगाजल या स्वच्छ जल से शुद्ध कर लें। गाय के गोबर से लीपकर, मंडप तैयार किया जाता है।
– अब इस मंडप में रंगोली बनाई बना लें।
– प्रदोष व्रत कि आराधना करने के लिए कुशा के आसन का प्रयोग करें।
– उतर-पूर्व दिशा की ओर मुख करके भगवान शंकर का पूजन करें।
– पूजन में भगवान शिव के मंत्र ‘ऊँ नम: शिवाय’ का जाप करते रहे।
– अंत में प्रदोष व्रत कथा सुनकर शिव जी की आरती उतारें।
– इस व्रत को ग्यारह या फिर 26 त्रयोदशियों तक रखा जाता है और फिर इसका विधि विधान उद्यापन करना होता है।
Shiv Aarti And Bhajan: शिव जी की आरती और भजन देखें यहां
प्रदोष व्रत की कथा (Pradosh Vrat Katha):
प्राचीनकाल में एक गरीब पुजारी हुआ करता था। उस पुजारी की मृत्यु के बाद उसकी विधवा पत्नी अपने भरण-पोषण के लिए पुत्र को साथ लेकर भीख मांगती हुई शाम तक घर वापस आती थी। एक दिन उसकी मुलाकात विदर्भ देश के राजकुमार से हुई, जो कि अपने पिता की मृत्यु के बाद दर-दर भटकने लगा था। उसकी यह हालत पुजारी की पत्नी से देखी नहीं गई, वह उस राजकुमार को अपने साथ अपने घर ले आई और पुत्र जैसा रखने लगी।
एक दिन पुजारी की पत्नी अपने साथ दोनों पुत्रों को शांडिल्य ऋषि के आश्रम ले गई। वहां उसने ऋषि से शिव जी के प्रदोष व्रत की कथा एवं विधि सुनी तथा घर जाकर अब वह भी प्रदोष व्रत करने लगी।
एक बार दोनों बालक वन में घूम रहे थे। उनमें से पुजारी का बेटा तो घर लौट गया, परंतु राजकुमार वन में ही रह गया। उस राजकुमार ने गंधर्व कन्याओं को क्रीड़ा करते हुए देखा तो उनसे बात करने लगा। उस कन्या का नाम अंशुमती था। उस दिन वह राजकुमार घर देरी से लौटा।
राजकुमार दूसरे दिन फिर से उसी जगह पहुंचा, जहां अंशुमती अपने माता-पिता से बात कर रही थी। तभी अंशुमती के माता-पिता ने उस राजकुमार को पहचान लिया तथा उससे कहा कि आप तो विदर्भ नगर के राजकुमार हो ना, आपका नाम धर्मगुप्त है।
अंशुमती के माता-पिता को वह राजकुमार पसंद आया और उन्होंने कहा कि शिवजी की कृपा से हम अपनी पुत्री का विवाह आपसे करना चाहते है, क्या आप इस विवाह के लिए तैयार हैं?
राजकुमार ने अपनी स्वीकृति दे दी तो उन दोनों का विवाह संपन्न हुआ। बाद में राजकुमार ने गंधर्व की विशाल सेना के साथ विदर्भ पर हमला किया और घमासान युद्ध कर विजय प्राप्त की तथा पत्नी के साथ राज्य करने लगा। वहां उस महल में वह पुजारी की पत्नी और पुत्र को आदर के साथ ले आया तथा साथ रखने लगा। पुजारी की पत्नी तथा पुत्र के सभी दुःख व दरिद्रता दूर हो गई और वे सुख से अपना जीवन व्यतीत करने लगे।
एक दिन अंशुमती ने राजकुमार से इन सभी बातों के पीछे का कारण और रहस्य पूछा, तब राजकुमार ने अंशुमती को अपने जीवन की पूरी बात बताई और साथ ही प्रदोष व्रत का महत्व और व्रत से प्राप्त फल से भी अवगत कराया।
उसी दिन से प्रदोष व्रत की प्रतिष्ठा व महत्व बढ़ गया तथा मान्यतानुसार लोग यह व्रत करने लगे। कई जगहों पर अपनी श्रद्धा के अनुसार स्त्री-पुरुष दोनों ही यह व्रत करते हैं। इस व्रत को करने से मनुष्य के सभी कष्ट और पाप नष्ट होते हैं एवं मनुष्य को अभीष्ट की प्राप्ति होती है।