मथुरा में आज प्रभु श्री कृष्ण ने जन्म लिया। एक साथ सभी ने कहा— नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…। इसी के साथ श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शुरू हो गया जो अगले तीन दिन तक जारी रहेगा। कृष्ण के 5246वें जन्मदिन पर देशभर के इस्कॉन मंदिरों में भी पूजा हुई और कान्हा को दूध—दही—शहद—चंदन से स्नान कराया गया।
वहीं दिल्ली के इस्कॉन मंदिर में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कान्हा को दूध से स्नान कराया। जबकि मुंबई में फिल्मी सितारों ने भी दही हांडी में जोश दिखाते हुए बॉलीवुड के शहंशाह शाहरुख खान ने जहां अपने बंगले मन्नत के सामने दही हांडी फोड़ी वहीं शिल्पा ने बेटे वियान राज कुंद्रा की दही हांडी फोड़ते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। मथुरा से सांसद हेमामालिनी भी मुंबई के इस्कॉन मंदिर में हरे राम हरे कृष्णा भजन गाते दिखीं। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने भी अपने बेटे आजाद को पीठ पर बैठा कर दही हांडी किया।
आरती कुंज बिहारी की…जन्माष्टमी व्रत को इस आरती से संपन्न करें
Highlights
कृष्ण का 5246वां जन्मदिन आज पूरी दुनिया मना रही है। भगवान कृष्ण के वस्त्र को मृगांक गौमुदी कहा जाता है।
हिंदू धर्म में कोई भी पूजा बिना आरती के अधूरी मानी जाती है। आज पूरे भारत में जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन बहुत से लोग व्रत भी रखते हैं और आधी रात को श्री कृष्ण की विशेष पूजा की जाती है। मान्यता है कि द्वापरयुग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भादो माह की अष्टमी को आधी रात में हुआ था। इसी कारण जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण के बाल रूप की पूजा आधी रात को किये जाने की परंपरा रही है। कृष्ण के जन्म के बाद उनका सुंदर श्रृंगार किया जाता है, लोग उन्हें झूला झुलाते हैं और विधिवत पूजा की जाती है। आखिरी में कान्हा की आरती के साथ पूजा संपन्न होती है।
मथुरा शहर में आज दो अलग-अलग झांकियां निकाली गई, जिनका श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं आरती कर भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों, उनकी लीलाओं, जीवन दर्शन संबंधित तथा अन्य देवी-देवताओं की भी झांकियां निकाली गईं। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर एवं अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा एवं व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। आगरा रेंज व जोन के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार संपर्क में बने रहकर पल-पल की स्थिति की जानकारी लेते रहे।
जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जल्द से जल्द कान्हा की एक झलक पा लेने की चाहत में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर की ओर जाते नजर आए। ब्रजवासी भी कृष्ण के जन्म की खुशी मनाने में किसी से पीछे नहीं रहे। इसीलिए पूरी मथुरा नगरी को विशिष्ट प्रकार से सजाया गया। एक दर्जन स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष मंच बनाए गए। पूरे शहर में जगह-जगह भोग-प्रसाद की छबीलें लगाई गई। ब्रज के घर-घर में व्रत रखकर खुशियां मनाई गई। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर, ठा. द्वारिकाधीश मंदिर, वृन्दावन के ठा. गोदारंगमन्नार मंदिर, इस्कॉन के कृष्ण-बलराम मंदिर आदि अनेक मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया। दो दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा था।
जन्माष्टमी के मौके पर एक्ट्रेस और मथुरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी मुंबई के इस्कॉन मंदिर पहुंचीं जहां उन्होंने हरे राम हरे कृष्णा गाया।
प्रेम के आराध्य भगवान कृष्ण की झांकी इस बार कुछ खास होगी। इस बार श्रीकृष्ण आराध्य मृंगाक कौमुदी (चन्द्रप्रभा) की आभा लिए पोशाक में दिखेंगे। भगवान पोशाक धारण कर पुष्प तेजोमहल में विराजमान होंगे।