Diwali Calendar 2025: हिंदू धर्म में दिवाली पर्व का विशेष महत्व माना गया है। लोग पूरे वर्ष इस पर्व का बेसब्री से इंतजार करते हैं और हर साल इसे बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। पंचांग के अनुसार, यह पर्व हर साल कार्तिक मास की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देवता की पूजा की जाती है। रोशनी और उल्लास का यह पर्व आमतौर पर 4 से 5 दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत धनतेरस से होती है और भाई दूज के साथ समापन होता है। ऐसे में आइए जानते हैं इस साल दीवाली कब मनाई जाएगी। साथ ही, यहां जानिए दीपावली पूरा कैलेंडर….
दिवाली 2025 (Diwali 2025)
दीपावली के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व होता है। साथ ही, इस दिन मां काली और कुबेर देव की भी आराधना की जाती है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार दिवाली का पर्व 20 अक्टूबर 2025, सोमवार को मनाया जाएगा। वहीं, इस दिन महालक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 07:08 से 08:18 तक रहेगा।
धनतेरस 2025 (Dhanteras 2025)
दिवाली के पंचपर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है, जिसे भगवान धन्वंतरि की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। इस साल धनतेरस का पर्व 18 अक्टूबर 2025, शनिवार को मनाया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 07:16 से 08:20 तक रहेगा। मान्यता है कि भगवान कुबेर और भगवान धन्वंतरि की पूजा करने से पूरे वर्ष सुख, संपत्ति और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। साथ ही, इस दिन नए सामान खरीदने की भी परंपरा है।
नरक चतुर्दशी 2025 (Narak chaturdashi 2025)
दिवाली के पंचपर्वों का दूसरा दिन नरक चतुर्दशी होता है, जिसे छोटी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है। उत्तर भारत में इसे हनुमान जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन माता अंजना ने अर्धरात्रि में हनुमान जी को जन्म दिया था। ऐसा माना जाता है कि नरक चतुर्दशी के दिन मुख्य द्वार पर चौमुखा दीपक जलाने से पापों का नाश होता है। पंचांग के अनुसार इस साल छोटी दिवाली 19 अक्टूबर 2025, रविवार को मनाई जाएगी।
गोवर्धन पूजा 2025 (Govardhan Pooja 2025)
दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल यह पर्व 22 अक्टूबर 2025, बुधवार को पड़ेगा। इसे अन्नकूट का त्योहार भी कहा जाता है। इस दिन लोग गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसकी पूजा-अर्चना करते हैं। पंचांग के अनुसार, इस साल गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 06:26 से 08:42 बजे तक रहेगा। वहीं दोपहर में यह पूजा 03:29 से 05:44 बजे तक की जा सकती है।
भाई दूज 2025 (Bhai Dooj 2025)
दिवाली के पांच दिवसीय पर्व का अंतिम दिन भाई दूज के नाम से जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक कर उनकी लंबी उम्र और समृद्धि की प्रार्थना करती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल भाई दूज का पर्व 23 अक्टूबर 2025, गुरुवार को मनाया जाएगा। वहीं, पंचांग के मुताबिक, इस दिन तिलक करने का शुभ समय दोपहर 01:13 बजे से 03:28 बजे तक रहेगा।
यह भी पढ़ें:
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।