Chhath Puja 2025 Dos And Dont’s: लोक आस्था और श्रद्धा का पर्व छठ की शुरुआत कल यानी 25 अक्टूबर से होने जा रही है। यह महापर्व चार दिनों तक चलता है और हर दिन का अपना विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस पर्व में छठी मैया और भगवान सूर्य की विधिपूर्वक पूजा की जाती है। छठ महापर्व नहाए-खाए से शुरू होकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होता है। आपको बता दें कि शास्त्रों में छठ पूजा से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बताए गए हैं, जिन्हें पालन करना अत्यंत आवश्यक माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इन नियमों का पालन न करने से पूजा का फल नहीं मिल पाता है। ऐसे में आइए जानते हैं छठ पूजा के दौरान क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए।
छठ पूजा 2025 तिथि (Chhath Puja 2025 Date)
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस बार छठ महापर्व की शुरुआत 25 अक्टूबर 2025, शनिवार से हो रही है और यह पर्व 28 अक्टूबर तक चलेगा। 25 अक्टूबर को नहाय-खाय होगा और अगले दिन यानी 26 अक्टूबर को खरना किया जाएगा। वहीं, 27 अक्टूबर की शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और अंत में 28 अक्टूबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर इस महापर्व का समापन होगा।
छठ पूजा में क्या नहीं करना चाहिए ? (Chhath Puja 2025 Dont’s)
साफ-सफाई रखें
छठ महापर्व में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष महत्व है। व्रत के दौरान घर, मंदिर और रसोईघर को पूरी तरह स्वच्छ रखना चाहिए। प्रसाद बनाते समय भी स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखना अनिवार्य है।
लहसुन, प्याज का सेवन न करें
नहाय-खाय वाले दिन व्रती महिलाओं को सात्विक भोजन करना चाहिए। इस दिन लहसुन, प्याज जैसी तामसिक चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। छठ पर्व में केवल व्रती ही नहीं, बल्कि उनके परिवार को भी सात्विक भोजन करना चाहिए, ताकि मन में श्रद्धा और भक्ति भाव बना रहे।
पानी का सेवन न करें
खरना वाले दिन से व्रत शुरू हो जाता है। छठ में निर्जला व्रत का विधान है, इसलिए व्रती महिलाओं को लगभग 36 घंटे तक पानी का सेवन नहीं करना चाहिए। शास्त्रों में इसे अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। यदि व्रत के दौरान पानी पी लिया जाए, तो व्रत और पूजा अधूरी मानी जाती है।
ये काम न करें
व्रत रखने से पहले अपनी सेहत का ध्यान रखना आवश्यक है। यदि कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, जिसके कारण निर्जला व्रत नहीं रखा जा सकता, तो उस स्थिति में व्रत नहीं रखना चाहिए। केवल वही महिलाएं यह व्रत करें, जो इसके नियम का पूरी तरह पालन कर सकें।
छठ पूजा में क्या करना चाहिए ? (Chhath Puja 2025 Dos)
फलों को जरूर धोएं
छठ पूजा में प्रयोग होने वाले गेहूं को अच्छे से धोकर सुखाना चाहिए और इसे पशु-पक्षियों से सुरक्षित रखना जरूरी है। छठ महापर्व में पवित्रता का विशेष महत्व है, इसलिए पूजा के सभी फलों को भी धोकर साफ स्थान पर रखना चाहिए।
साफ वस्त्र पहनें
व्रती महिलाओं को चारों दिन स्नान करके साफ वस्त्र पहनने चाहिए और नारंगी रंग का सिंदूर ही लगाना चाहिए। छठ पर्व में यह सिंदूर खास महत्व रखता है।
नई टोकरी का प्रयोग करें
पूजा के लिए हर साल नई टोकरी का प्रयोग करना शुभ माना जाता है। पुरानी या फटी हुई टोकरी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अगर पीतल की टोकरी या सूप है, तो उसे गंगाजल से शुद्ध कर इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस बात का रखें खास ध्यान
परिवार के सभी सदस्य इस बात का ध्यान रखें कि व्रती महिला या पुरुष के भोजन करने के बाद ही प्रसाद या खाना ग्रहण करना चाहिए। खरना वाले दिन इस नियम का विशेष रूप से पालन करना चाहिए।
यह भी पढ़ें:
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
