Chaturmas 2023: हिंंदू धर्म में चातुर्मास का विशेष महत्व है।विष्णु पुराण के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में चार महीनों के लिए शयन करने के लिए चले जाते हैं। जिस कारण विवाह, गृहप्रवेश, नामकरण संस्कार, मुंडन संस्कार जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। वहीं आषाढ़ शुक्ल एकादशी से कार्तिक शुक्ल एकादशी के बीच के चार महीने को चातुर्मास कहते हैं। आपको बता दें कि इस बार 29 जून से चातुर्मास की शुरुआत हो रही है। आइए जानते हैं इस दौरान कौन से कार्य करने चाहिए और कौन से नहीं…
चातुर्मास में करने चाहिए ये काम
1- शास्त्रों के मुताबिक चातुर्मास में व्रत, साधना, जप-तप, ध्यान, पवित्र नदियों में स्नान, दान, पत्तल पर भोजन करना शुभ फलदायक बताया गया है। साथ ही इस मास में धार्मिक कार्य करने का दोगुना फल प्राप्त होता है और भगवान विष्णु का आशीर्वाद हमेशा बना रहता है।
2-चातुर्मास के चार महीनों में नारियल, केला, चावल, गेहूं, दही, गाय का दूध, आम, कटहल, समुद्री नमक का सेवन किया जा सकता है।
3- पीपल का पेड़ चातुर्मास के दौरान लगाना चाहिए। साथ ही उसकी प्रतिदिन पूजा करनी चाहिए।
3- चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी, भगवान शिव और माता पार्वती, पितृदेव, भगवान गणेश की पूजा अर्चना सुबह- शाम अवश्य करनी चाहिए। ऐसा करने से जीवन में सुख- समृद्धि का वास रहता है। साथ ही सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं।
4- साथ ही इस समय साधु-संतों के साथ सत्संग करना मंगलदायक बताया गया है। साथ ही मान्यता है ऐसा करने से मन को शांति मिलती है।
5- चातुर्मास में समय- समय पर ब्राह्मणों को ससम्मान भोजन करवाना चाहिए। साथ ही दान करना चाहिए।
इन कार्यों से बचना चाहिए:
1- चातुर्मास के बीच में ही श्रावण मास महीना पड़ता है। इस महीने पालक या पत्तेदार सब्जियों से परहेज करना चाहिए। साथ ही इसके बाद भाद्रपद में दही, आश्विन में दूध और कार्तिक मास में लहसुन- प्याज का त्याग करना चाहिए।
2- चातुर्मास में कोई भी मांगलिक कार्य करने की मनाही होती है। साथ ही इस चार महीनों में बाल और दाढ़ी भी कटवाने से बचना चाहिए। क्योंकि ऐसा करने से दरिद्रता जीवन में आ सकती है।
3- विष्णु पुराण के अनुसार चातुर्मास में तुलसी के पत्ते नहीं तोड़ने चाहिए। मान्यता है कि तुलसी का संबंध भगवान विष्णु से है। तुलसी का अपमान करने से भगवान खुद नाराज होते है।
4- इस माह में शरीर में तेल नहीं लगाना चाहिए। मान्यता है ऐसा करने से धन की हानि होती है।
