कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी को पार्टी ने मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटा दिया है। उनके पिता बाबा सिद्दीकी के महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल होने के कुछ दिनों बाद यह फैसला लिया गया। मंगलवार को भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने बयान जारी कर जीशान सिद्दीकी के स्थान पर युवा संगठन की मुंबई इकाई के अध्यक्ष पद के लिए अखिलेश यादव के नाम की घोषणा की थी। जिसके एक दिन बाद जीशान ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
जीशान सिद्दीकी को मुंबई यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाने के एक दिन बाद गुरुवार को जीशान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों का भला करने का ढोंग करने का आरोप लगाया। जीशान ने पार्टी पर अपनी अनदेखी का भी आरोप लगाया और साथ ही दावा किया कि राहुल गांधी के इर्द-गिर्द मौजूद लोग ही पार्टी को खत्म करना चाहते हैं।
किसी मुसलमान को मुंबई पीसीसी प्रमुख नहीं बनाया गया- जीशान सिद्दीकी
कांग्रेस नेता जीशान सिद्दीकी ने प्रेस वार्ता में कहा, ”मैं इस बारे में बोलना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी में अल्पसंख्यकों के साथ क्या हो रहा है। वोटों की गिनती (आंतरिक पार्टी चुनावों में) केवल दो लोगों, मोहम्मद नलपद और जीशान सिद्दीकी के लिए लगभग एक साल तक रुकी रही। हमारे बीच केवल एक चीज समान है कि हम दोनों मुसलमान हैं। कांग्रेस पार्टी कहती है कि वह मुसलमानों के साथ है लेकिन आप देख सकते हैं कि किसी भी मुसलमान को मुंबई पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) का प्रमुख नहीं बनाया गया है।
यूथ कांग्रेस के संगठन में बदलाव
जीशान सिद्दीकी वर्तमान में बांद्रा (पूर्व) से विधायक हैं। बाबा सिद्दीकी के एनसीपी में शामिल होने के बाद से ही चर्चा है कि जीशान भी कांग्रेस छोड़ देंगे। पिछले कुछ दिनों में वह कांग्रेस की बैठकों में भी शामिल नहीं हुए। इसी पृष्ठभूमि में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने जीशान के खिलाफ कार्रवाई की। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी. वी ने हाल ही में संगठन में बदलाव किया है। देश के विभिन्न राज्यों में पदाधिकारियों में बदलाव किया गया और नए चेहरों को मौका दिया गया है। दिल्ली, गोवा, अंडमान निकोबार, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा और मुंबई प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों में भी बदलाव किया गया है।