UP CM Yogi Adityanath: सीएम पद की शपथ के बाद शनिवार को सीएम योगी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जहां उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के अनुसार ही अगला बजट तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यूपी को नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाना है।

उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार को लेकर बसपा रविवार को समीक्षा बैठक करेगी। वहीं योगी सरकार में शपथ ले चुके मंत्रियों के पोर्टफोलियो पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को सपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। यह निर्णय सपा विधायकों की बैठक के दौरान हुआ। हालांकि, इस मीटिंग में उनके चाचा शिवपाल यादव नहीं पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने इस मीटिंग के लिए कोई न्यौता नहीं मिला।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि अखिलेश यादव को सपा विधायक दल का नेता चुना गया है। नेता प्रतिपक्ष की कार्यवाही विधानसभा में होगी।

इस बीच, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ स्थित राजभवन में भाजपा के वरिष्ठ नेता रमापति शास्त्री को विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) पद की शपथ दिलाई। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। शास्त्री, जो गोंडा जिले के मनकापुर से भाजपा विधायक हैं, अब उप्र विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

सूत्रों ने बताया कि शास्त्री के अलावा चार अन्य लोगों के पैनल को भी शास्त्री की मदद करने की शपथ दिलाई गई। आठ बार विधायक रहे शास्त्री पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में समाज कल्याण मंत्री थे और उन्हें नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है।

Live Updates

Yogi Adityanath & UP Govt Latest News Live: यहां पाएं पल-पल के ताजा अपडेट्स

12:57 (IST) 25 Mar 2022
सोनिया-राहुल और अखिलेश को भी गया है न्यौता

योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की अंतरिम चीफ सोनिया गांधी, यूपी के पूर्व सीएम और सपा नेता अखिलेश यादव के साथ कई धार्मिक नेता व उद्योगपति भी हिस्सा लेंगे। कांग्रेस के राहुल गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती को भी कार्यक्रम के लिए न्यौता भेजा गया है।

12:31 (IST) 25 Mar 2022
योगी की शपथः सीएम आवास पहुंचने लगे बीजेपी नेता

योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में कुछ ही घंटे शेष हैं। शाम चार बजे वह पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस बीच, लखनऊ में सीएम आवास पर नेताओं का पहुंचना फिलहाल जारी है। बेबी रानी मौर्य, नितिन अग्रवाल, बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य आदि वहां पहुंच गए हैं।

12:08 (IST) 25 Mar 2022
योगी आदित्यनाथ शाम चार बजे दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद दोबारा सत्तासीन होने जा रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई सरकार का शपथ ग्रहण शुक्रवार की शाम चार बजे यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा और योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

योगी आदित्यनाथ को बृहस्पतिवार को बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सह पर्यवेक्षक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की मौजूदगी में एक बार फिर सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक दल का नेता चुन लिया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया है।

12:07 (IST) 25 Mar 2022
कौन बनाए जा सकते हैं मंत्री?

सूत्रों की मानें तो योगी 2.0 में आशीष पटेल, संजय निषाद, धर्मपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, नंद गोपाल नंदी, बेबी रानी मौर्य को मंत्री बनाया जा सकता है।

11:58 (IST) 25 Mar 2022
बोली धामी- जहां दोबारा नहीं बनती थी बीजेपी सरकार वहां मोदी के नेतृत्व में अब बन रही

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है- उत्तर प्रदेश में पहले कभी कोई सरकार दोबारा नहीं बनी है। इस बार पीएम और योगी जी के नेतृत्व में पहली बार उत्तर प्रदेश में दोबारा सरकार बनी है। साथ ही उत्तराखंड में भी बनी है, देश के अनेकों राज्य में जहां सरकार दोबारा नहीं बनती थी वहां बन रही है।

11:37 (IST) 25 Mar 2022
योगी 2.0 में सात से आठ महिला मंत्रियों को मिल सकती है जगह

सूत्रों के हवाले से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि योगी 2.0 में सात से आठ महिला मंत्रियों को भी शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। कहा जा रहा है कि इस बार युवा नेताओं को योगी 2.0 कैबिनेट में मौका मिलेगा, जबकि डिप्टी सीएम पर भगवा पार्टी पुराना फॉर्मैट ही अपना सकती है।

09:37 (IST) 25 Mar 2022
यूपी विधानसभा चुनावः बीजेपी को अपने दम पर मिली थी 255 सीटें

उत्तर प्रदेश विधानसभा के हाल में संपन्न हुए चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को 255 सीटें मिली थी जबकि उसके सहआदित्यनाथ अपना दल (सोनेलाल) को 12 तथा निषाद पार्टी को छह सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

09:31 (IST) 25 Mar 2022
योगी की शपथ के लिए लखनऊ सजकर तैयार

योगी के शपथ ग्रहण से पहले पूरा लखनऊ सजकर तैयार है। जगह-जगह रास्तों पर कार्यक्रम से जुड़े बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं। इनमें पीएम मोदी, सीएम योगी और गृह मंत्री अमित शाह आदि के फोटो और कटआउट हैं। बता दें कि योगी के शपथ ग्रहण समारोह में आज पीएम मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित सूबों के मुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया है।

09:27 (IST) 25 Mar 2022
पीएम मोदी के करीबी एके शर्मा को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह

प्रदेश के निवर्तमान कानून मंत्री बृजेश पाठक, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाने वाले पूर्व नौकरशाह ए. के. शर्मा को भी मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण पद दिए जाने की संभावना है। इनमें उपमुख्यमंत्री का पद भी शामिल है, बशर्ते पार्टी इस पद पर नए चेहरे लाना चाहे।

09:23 (IST) 25 Mar 2022
यूपी में फिर अपनाया जा सकता है दो डिप्टी सीएम वाला फॉर्मैट

दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में सरकार के गठन की कवायद को अंतिम रूप दिया। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, राज्य में इस बार भी दो उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। निवर्तमान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा के साथ-साथ उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को उपमुख्यमंत्री पद के लिए प्रमुख दावेदारों के तौर पर देखा जा रहा है।

09:09 (IST) 25 Mar 2022
योगी के लिए गीत लिखने वाले भी समारोह में होंगे शामिल

योगी आदित्यनाथ के लिए खास गीत गाने वाले कन्हैया मित्तल भी उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने हिंदी समाचार चैनल एबीपी न्यूज से शुक्रवार सुबह बातचीत के दौरान बताया, “मुझे उम्मीद नहीं थी कि यह गाना इतना हिट हो जाएगा।” बता दें कि उन्होंने “जो राम के लाए हैं, हम उनको लाए हैं” और “आए गए योगी, छा गए योगी” आदि गाने गाए थे, जो कि यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी समर्थकों के बीच खासा मशहूर हुए थे।

09:05 (IST) 25 Mar 2022
पार्टी सबसे ऊपर- बोले अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को यूपी के सभी विधायकों से कहा “हम सबको लगता है कि हमारी लोकप्रियता है, मगर पार्टी सबसे ऊपर होती है। पार्टी की नीतियां ही पार्टी के लिए लोकप्रियता का सृजन करती हैं। हमारा दायित्व है कि पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश के विकास की नींव डालने का जो काम हुआ है, अब हमें उस पर समृद्ध इमारत बनानी है।”

उन्होंने कहा, “इस यात्रा को पूरा करने का काम आप सभी विधायकों को करना है। आज हम सब विजय के आनंद के साथ-साथ यह संकल्प भी लेकर जाएंगे कि जो कानून-व्यवस्था को दृढ़ता प्रदान करने का काम पांच साल तक हुआ है उसे हम और सुदृढ़ बनाएंगे।”

शाह ने कहा “आज उत्तर प्रदेश विधानसभा का एक नया इतिहास लिखने का क्षण इसी सभागार के अंदर हो रहा है। पिछले 35 सालों से एक पार्टी को दूसरी बार पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। भाजपा ऐसी पार्टी है जिसने दोनों बार दो तिहाई से ज्यादा बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है।”

08:49 (IST) 25 Mar 2022
बोले अमित शाह- 35 साल में यूपी में लगातार दो कार्यकाल में बहुमत पाने वाली बीजेपी अकेली पार्टी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि पिछले 35 साल में कोई भी ऐसी पार्टी नहीं रही है, जिसने लगातार दो कार्यकालों में यूपी में बहुमत हासिल किया हो। साल 2014 में बीजेपी ने नरेंद्र मोदी को पीएम घोषित किया और उनके नेतृत्व में हमने साल 2017 में यूपी में हमने पहली बार सरकार गठन का सपना देखा था।

08:11 (IST) 25 Mar 2022
योगी का नेताओं को संदेश- मालिक बनने की भूल न करें, सेवक बन काम करें

यूपी के कार्यवाहक सीएम के मुताबिक, ‘‘हम शासन में आते हैं तो मालिक बनने की भूल कभी ना करें। हम सेवक बनकर काम करें। हमारी भूमिका व्यवस्था के संरक्षक के रूप में है। पार्टी की जो व्यवस्था होगी उसके तहत हम पूरी ईमानदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे।”

07:58 (IST) 25 Mar 2022
योगी की शपथ में शामिल होंगे ‘दि कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर

योगी के शपथ ग्रहण के लिए पूरा लखनऊ सजाया गया है। एयरपोर्ट से लेकर इकाना स्टेडियम तक बीजेपी के झंडे और बैनर लगाए गए हैं। समारोह में 'दि कश्मीर फाइल्स' के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री शामिल होंगे। उनके अलावा बॉलीवुड सेलेब्स में अनुपम खेर, अक्षय कुमार, कंगना रणौत आदि भी कार्यक्रम में हिस्सा ले सकती हैं। बताया जा रहा है कि इस प्रोग्राम में शरीक होने वालों को छह किताबें तोहफे में दी जाएंगी।

07:48 (IST) 25 Mar 2022
बिना डिगे, बिना थके, बिना रुके काम करेंगेः योगी

आदित्यनाथ ने भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘आज पार्टी ने मुझे फिर से जिम्मेदारी दी है। मैं फिर से वचन देता हूं कि हम बिना डिगे, बिना थके, बिना रुके प्रधानमंत्री के विजन (दृष्टिकोण) के अनुरूप उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता को जनार्दन (भगवान) मानकर उनकी सेवा के लिए पूरी ईमानदारी और तत्परता के साथ समर्पित भाव से काम करेंगे। हमारा पूरा विधायक दल इस अभियान का साक्षी बने और एक टीम के साथ तौर पर काम करता दिखे।”

यूपी में करीब 37 साल बाद कोई सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करके दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटी है। शुक्रवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में दोबारा सरकार का गठन किया, लेकिन पिछली सरकार में उपमुख्‍यमंत्री रहे डॉक्टर दिनेश शर्मा समेत कई दिग्गजों को वर्तमान मंत्रिमंडल में मौका नहीं मिला। ब्राह्मण समाज से आने वाले शर्मा की जगह इस बार ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। छात्र राजनीति से उभरे पाठक को भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में आगे किया था।

आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश की दूसरी भाजपा सरकार के कुल 52 मंत्रियों ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ लेने वाले मंत्रियों में मुख्यमंत्री के साथ-साथ दो उपमुख्यमंत्री, 16 कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार के 14 राज्य मंत्री तथा 20 राज्य मंत्री शामिल हैं।