UP CM Yogi Adityanath: सीएम पद की शपथ के बाद शनिवार को सीएम योगी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जहां उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के अनुसार ही अगला बजट तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यूपी को नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाना है।

उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार को लेकर बसपा रविवार को समीक्षा बैठक करेगी। वहीं योगी सरकार में शपथ ले चुके मंत्रियों के पोर्टफोलियो पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को सपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। यह निर्णय सपा विधायकों की बैठक के दौरान हुआ। हालांकि, इस मीटिंग में उनके चाचा शिवपाल यादव नहीं पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने इस मीटिंग के लिए कोई न्यौता नहीं मिला।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि अखिलेश यादव को सपा विधायक दल का नेता चुना गया है। नेता प्रतिपक्ष की कार्यवाही विधानसभा में होगी।

इस बीच, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ स्थित राजभवन में भाजपा के वरिष्ठ नेता रमापति शास्त्री को विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) पद की शपथ दिलाई। राजभवन के सूत्रों ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। शास्त्री, जो गोंडा जिले के मनकापुर से भाजपा विधायक हैं, अब उप्र विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

सूत्रों ने बताया कि शास्त्री के अलावा चार अन्य लोगों के पैनल को भी शास्त्री की मदद करने की शपथ दिलाई गई। आठ बार विधायक रहे शास्त्री पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार में समाज कल्याण मंत्री थे और उन्हें नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है।

Live Updates

Yogi Adityanath & UP Govt Latest News Live: यहां पाएं पल-पल के ताजा अपडेट्स

03:50 (IST) 26 Mar 2022
मोदी ने दी योगी को बधाई, प्रगति का नया अध्याय लिखने की जताई उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले योगी आदित्यनाथ को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में यह प्रदेश जन आकांक्षाओं को पूरा करते हुए प्रगति का एक और नया अध्याय लिखेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के बाद योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में दूसरी बार राज्य की बागडोर संभाली।

20:16 (IST) 25 Mar 2022
योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की लगातार दूसरी बार शपथ लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक की। बता दें कि योगी के अलावा कुल 52 मंत्रियों ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शपथ ली।

19:26 (IST) 25 Mar 2022
महिलाओं के लिए काम किया जाएगा – बेबी रानी मौर्य

योगी 2.0 का शपथ ग्रहण समारोह समाप्त हो गया। इस बीच मंत्री पद की शपथ लेने के बाद बेबी रानी मौर्य का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता ने मंत्री बनवाया है अब उन्हीं लोगों के सेवा करेंगे। पूरी ईमानदारी के साथ महिलाओं के लिए काम किया जाएगा। उनको न्याय दिलाया जाएगा और उनकी सुरक्षा की गारंटी होगी।”

18:10 (IST) 25 Mar 2022
कुल 52 मंत्रियों ने शपथ ली

योगी 2.0 का शपथ ग्रहण समारोह समाप्त हो गया। योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इस दौरान कुल 52 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें सेन16 ने कैबिनेट, 20 ने राज्यमंत्री और 14 ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ ली। योगी मंत्रिमंडल में कुल सात क्षत्रिय,सात ब्राह्मण, तीन जाट और पांच महिलाओं को मंत्री बनाया गया है। शाम सात बजे योगी कैबिनट की पहली बैठक होगी।

17:24 (IST) 25 Mar 2022
मयंकेश्वर सिंह, दिनेश खटीक और संजीव गोंड समेत इन्होंने ने ली राज्य मंत्री मंत्री पद की शपथ

मयंकेश्वर शरण सिंह, दिनेश खटीक, संजीव गौड़, बलदेव सिंह ओलख, अजीत पाल, जसवंत सैनी, मनोहर लाल मन्नू, रामकेश निषाद, संजय, ब्रजेश सिंह, के पी मलिक, सुरेश राही, प्रतिभा शुक्ला, सोमेंद्र तोमर, राकेश राठौर 'गुरु', अनूप प्रधान, रजनी तिवारी, सतीश शर्मा, दानिश आजाद और विजय लक्ष्मी गौतम ने राज्यमंत्री मंत्री पद की शपथ ली

17:05 (IST) 25 Mar 2022
जयंत प्रताप सिंह राठौर और दयाशंकर सिंह ने राज्य मंत्री पद की शपथ ग्रहण की

जयंत प्रताप सिंह राठौर, दयाशंकर सिंह, नरेंद्र कश्यप, दिनेश प्रताप सिंह, अरुण कुमार सक्सेना, दयाशंकर मिश्र दयालु ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के पद की शपथ ग्रहण की।

17:02 (IST) 25 Mar 2022
नितिन अग्रवाल, कपिलदेव अग्रवाल और रवींद्र जायसवाल ने ली राज्य मंत्री पद की शपथ

नितिन अग्रवाल, कपिलदेव अग्रवाल, रवींद्र जायसवाल, संदीप सिंह, गुलाब देवी, गिरीश चंद्र यादव, धर्मवीर प्रजापति, असीम अरुण ने उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के पद की शपथ ग्रहण की।

16:58 (IST) 25 Mar 2022
संजय निषाद भी योगी कैबिनेट में

भाजपा की सहयोगी पार्टी निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने भी योगी कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा अरविंद कुमार शर्मा, योगेंद्र उपाध्याय, आशीष पटेल ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

16:48 (IST) 25 Mar 2022
भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद और राकेश सचान ने ली शपथ

भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद और राकेश सचान ने उत्तर प्रदेश के मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। बता दें कि अनिल राजभर वाराणसी के शिवपुर से विधायक है। वह साल 2017 में भी विधायक थे और कैबिनेट मंत्री बने थे। वहीं जितिन प्रसाद कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए हैं।

16:38 (IST) 25 Mar 2022
जयवीर सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली

लक्ष्मी नारायण चौधरी, जयवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने उत्तर प्रदेश के मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

16:36 (IST) 25 Mar 2022
सुरेश कुमार खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह और बेबी रानी मौर्य ने उत्तर प्रदेश के मंत्री पद की शपथ ग्रहण की

इसके बाद सुरेश कुमार खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह और बेबी रानी मौर्य ने उत्तर प्रदेश के मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

16:30 (IST) 25 Mar 2022
केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने डिप्टी सीएम की शपथ ली

केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।

16:24 (IST) 25 Mar 2022
योगी आदित्यनाथ ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शप​थ दिलाई।

16:20 (IST) 25 Mar 2022
इकाना क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

उत्तर प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह के लिए लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम प्रधानमंत्री मोदी पहुंच गए हैं।

16:16 (IST) 25 Mar 2022
मंच पर केशव प्रसाद मौर्य के साथ ब्रजेश पाठक

लखनऊ में इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह के लिए मंच पर केशव प्रसाद मौर्य के साथ ब्रजेश पाठक बैठे दिखाई दिए।

16:10 (IST) 25 Mar 2022
जाम में फंसी उमा भारती

इस बीच खबर है कि भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती हजरतगंज में जाम में फंस गई हैं।

16:01 (IST) 25 Mar 2022
योगी आदित्यनाथ शपथ ग्रहण समारोह के लिए इकाना स्टेडियम पहुंचे

उत्तर प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शपथ ग्रहण समारोह के लिए लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी पहुंचीं।

15:58 (IST) 25 Mar 2022
मनोहर लाल खट्टर इकाना स्टेडियम पहुंचे

राज्य के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे।

15:52 (IST) 25 Mar 2022
उत्तराखंड में योगी आदित्यनाथ के घर जश्न का माहौल

पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में योगी आदित्यनाथ के पैतृक घर में जश्न का माहौल है। लोग नाच गाकर खुशी मना रहे हैं। योगी आज लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए उत्तर प्रदेश के सीएम के रूप में शपथ लेंगे।

15:45 (IST) 25 Mar 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंच गए हैं

अब से थोड़ी देर में योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंच गए हैं। गृहमंत्री अमित शाह भी लखनऊ पहुंच गए हैं।

15:34 (IST) 25 Mar 2022
योगी आदित्यनाथ के साथ 52 मंत्री शपथ लेंगे

योगी आदित्यनाथ के साथ 52 मंत्री शपथ लेंगे। केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक डिप्टी सीएम होंगे।

15:32 (IST) 25 Mar 2022
योगी 2.0 मंत्रिमंडल की सूची सामने आई

योगी 2.0 मंत्रिमंडल की सूची सामने आ गई है। मंत्रिमंडल में के दो डिप्टी सीएम , 16 मंत्री, 20 राज्यमंत्री, 20 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 5 महिला मंत्री होंगी।

15:32 (IST) 25 Mar 2022
इकाना स्टेडियम में बने मंच का दृश्य

बीजेपी के योगी आदित्यनाथ आज लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए उत्तर प्रदेश के सीएम पद की शपथ लेंगे। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक दृश्य

14:39 (IST) 25 Mar 2022
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लोगों की भीड़ उमड़ी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ के दूसरी बार शपथ ग्रहण समारोह के लिए लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लोगों की भीड़ उमड़ी।

14:21 (IST) 25 Mar 2022
शाम चार बजे सीएम योगी लेंगे शपथ

बता दें कि योगी आदित्यनाथ आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम चार बजे यह कार्यक्रम होगा। इस भव्य आयोजन के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। समारोह में उनके साथ 46 मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।

14:20 (IST) 25 Mar 2022
22 पुराने मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी!

उत्तर प्रदेश की योगी 2.0 सरकार में भी दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं। सिराथू से चुनाव हारे केशव प्रसाद मौर्य को जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि दिनेश शर्मा को ड्रॉप किया जा सकता है। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से टीवी मीडिया रिपोर्ट्स में शुक्रवार सुबह दी गई।

बताया गया कि योगी कैबिनेट में शर्मा के बजाय बीजेपी किसी ब्राह्मण चेहरे को पेश कर सकती है। साथ ही पिछले मंत्रिमंडल के 22 मंत्रियों का भी इस बार पत्ता काटा जा सकता है। वैसे, यह भी कहा जा रहा है कि इस मंत्रिमंडल में 25 ऐसे नेता हैं, जो दोबारा लिए जा सकते हैं। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए जो नाम आगे हैं, उनमें सूर्य प्रताप शाही, सतीश महाना और सुरेश खन्ना हैं।

14:12 (IST) 25 Mar 2022
“बाबा का बुलडोजर निकल पड़ा है”

उत्तर प्रदेश में सीएम योगी के शपथ ग्रहण समारोह से पहले राज्य के मनोनित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ आवास के बाहर उनके समर्थक बुलडोजर लेकर पहुंचने लगे। शुक्रवार को एक समर्थक ने पत्रकारों को बताया, “बाबा का बुलडोजर निकल पड़ा है। अपराधी या तो प्रदेश छोड़कर चले जाए या घर में बैठ जाए।”

13:57 (IST) 25 Mar 2022
लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर बढ़ी चहल पहल, मंत्रियों को लेकर अटकलें तेज

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नए मंत्रिमंडल के कयासों के बीच यहां पांच कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री आवास पर जाते हुए देखे गये कुछ चुनिंदा विधायकों को लेकर यह अटकलें तेज हो गईं कि शुक्रवार की शाम को वे लोग मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शुक्रवार की शाम चार बजे शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने बृहस्पतिवार को भाजपा गठबंधन के विधायक दल के नेता चुने गये योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए न्योता भेजा है। भाजपा सूत्रों ने योगी के साथ करीब 50 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना जताई है।

कुछ विधायकों को मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचने के लिए फोन किये जाने की खबरों के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ गई और यह संभावना जताई गई कि मुख्यमंत्री आवास पर बुलाये गये विधायकों को योगी के मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है।

13:18 (IST) 25 Mar 2022
योगी की शपथ: “जब तक रहूंगा, तब तक दूंगा बीजेपी को वोट”

योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह भले ही शाम चार बजे होना हो, पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बीजेपी समर्थकों का तांता अभी से लगना शुरू हो गया है। एक हिंदी न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान बीजेपी के एक बुजुर्ग समर्थक ने बताया कि उन्होंने हिंदुत्व के मुद्दे की वजह से पार्टी को वोट दिया। वह इस मेगा इवेंट में योगी से लेकर अमित शाह…सबको देखने आए हैं। उन्होंने इसके अलावा यह भी बताया कि जब तक वह जिंदा रहेंगे, तब तक वह बीजेपी को वोट देते रहेंगे।

13:09 (IST) 25 Mar 2022
मोदी के करीबी के पास गया योगी का फोन, दी बधाई- सूत्र

गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफी करीबी माने जाने वाले एके शर्मा के पास कुछ ही देर पहले यूपी के कार्यवाहक सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से फोन कॉल गया है। सूत्रों के हवाले से कुछ टीवी मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि जो लोग योगी 2.0 (सूबे की नई सरकार) में मंत्री बनेंगे मंत्री, उनके पास बधाई संदेश वाला फोन जाने लगा है। हालांकि, इस बारे में फिलहाल किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

यूपी में करीब 37 साल बाद कोई सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करके दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटी है। शुक्रवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में दोबारा सरकार का गठन किया, लेकिन पिछली सरकार में उपमुख्‍यमंत्री रहे डॉक्टर दिनेश शर्मा समेत कई दिग्गजों को वर्तमान मंत्रिमंडल में मौका नहीं मिला। ब्राह्मण समाज से आने वाले शर्मा की जगह इस बार ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। छात्र राजनीति से उभरे पाठक को भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में आगे किया था।

आदित्यनाथ की अगुवाई वाली उत्तर प्रदेश की दूसरी भाजपा सरकार के कुल 52 मंत्रियों ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ लेने वाले मंत्रियों में मुख्यमंत्री के साथ-साथ दो उपमुख्यमंत्री, 16 कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार के 14 राज्य मंत्री तथा 20 राज्य मंत्री शामिल हैं।