भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार की ओर से मजहब के आधार पर आरक्षण देकर मुसलिम एजंडे को बढ़ावा देने का उनका पार्टी विरोध करेगी। उन्होंने कहा आगामी विधानसभा के चुनाव में सपा का सफाया निश्चित है। गोरखपुर के भाजपा सांसद रविवार (15 मई) को मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। भाजपा सांसद ने कहा कि सपा सरकार उत्तर प्रदेश को वर्ग संघर्ष की ओर ले जा रही है। राज्य में किसान, मजदूर, नौजवान, शिक्षक, शिक्षार्थी सभी बेहाल हैं। अपराधियों का बोलबाला है। आए दिन हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार हो रहे हैं। पुलिस पर हमले हो रहे हैं। उनकी हत्याएं हो रही हैं।
आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश के करोड़ों लोगों के आस्था का सवाल है। गर्भ गृह पर मंदिर निर्माण दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के विशेष पीठ का फैसला आने तक मुसलिम पक्ष न्यायालय के सम्मान की दुहाई दे रहा था। लेकिन फैसला आते ही वह पलट गया। फिलहाल मामला सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि भाजपा अदालत के फैसले का सम्मान करेगी। आगस्ता वेस्टलैंड सौदे के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह सौदा निरस्त कर दिया है। जांच हो रही है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि राज्यसभा में लंबित विधेयकों को पारित कराने के लिए भाजपा कांग्रेस पर अनुचित दबाव डाल रही है।
भाजपा सांसद ने कहा कि वो उत्तर प्रदेश में भाजापा के मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता के नाम पर कांग्रेस देश में आतंकवाद और नक्सलवाद को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी ताकतों को हतोत्साहित करने के लिए समझौता एक्सप्रेस विस्फोट कांड में कर्नल पुरोहित का नाम जबरन घसीटा गया। लेकिन अबतक उनके खिलाफ कोई प्रमाण नहीं मिला है। इसी प्रकार से मालेगांव विस्फोट कांड में प्रज्ञा ठाकुर को फंसाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह काम देशद्रोह जैसा है। कांग्रेस को इसके लिए देश में माफी मांगनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद सत्येदव सिंह ने कहा कि योगी जैसे राजनेताओं की आज देश को जरूरत है। राष्ट्रवाद से ओतप्रोत उनका व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।