Diwali Bonus: दिवाली के मौके पर लगभग सभी कंपनियां अपने कर्मचारियों को बोनस और तोहफे देती हैं। दिवाली नजदीक आते ही हर कर्मचारी के मन में यह सवाल होता है कि इस साल उन्हें कितना बोनस मिलेगा? दरअसल, कुछ कंपनियां कर्मचारियों को नकद बोनस देती हैं, तो कुछ कंपनियां वाउचर देती हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद टोल टैक्स कर्मचारियों ने दिवाली बोनस कम मिलने पर नाराजगी जाहिर की है। इसके चलते धनतेरस के दिन आगरा में लखनऊ एक्सप्रेसवे से हजारों वाहन बिना टोल दिए गुजर गए।
भास्कर इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अब मामले की बात करें तो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों को दिवाली बोनस के तौर पर 1100 रुपये मिले थे। इसी कारण कर्मचारी नाराज हो गए और धरने पर बैठ गए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टोल संचालन का ठेका श्री साईं एंड दातार कंपनी के पास है।
पिछली साल कंपनी ने दिया था 5000 रुपये बोनस
कर्मचारियों ने बताया कि पिछले साल कंपनी ने 5000 रुपये का बोनस दिया था। इस बार उनके साथ धोखा हो रहा है। टोल फ्री होने की जानकारी जब अधिकारियों को हुई तो उन्होंने संपर्क किया, लेकिन कोई समझौता नहीं हुआ। दूसरे टोल प्लाजा पर काम करने वाले कर्मचारियों को संचालन संभालने के लिए बुलाया गया, लेकिन स्थानीय कर्मचारियों ने उन्हें काम नहीं करने दिया।
ये भी पढ़ें: यूपी के इन एक्सप्रेस वे पर बनेंगे होटल
टोल कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत
इसके बाद पुलिस फतेहाबाद टोल प्लाजा पर पहुंची, तो उन्होंने शांति बनाए रखने और प्रदर्शनकारी मजदूरों और टोल कंपनी के अधिकारियों के बीच बातचीत शुरू करने में मदद की। फिर टोल अधिकारियों ने कर्मचारियों को स्थिति में सुधार का आश्वासन दिया और उनकी मांगों पर चर्चा की। टोल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल समाधान के तौर पर 10 फीसदी वेतन में बढ़ोतरी का वादा किया। इस आश्वासन के बाद, कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार हो गए और दो घंटे के बाद टोल पर सामान्य परिचालन शुरू हो गया।
बता दें कि एक्सप्रेसवे पर आगरा से लखनऊ तक कार से जाने का एकतरफा टैक्स 665 रुपये है। टोल टैक्स एग्जिट प्वाइंट पर काटा जाता है। लखनऊ से आगरा आने वाले वाहनों का टोल टैक्स आगरा में कटेगा, जबकि आगरा से लखनऊ जाने वाले वाहनों का टोल लखनऊ टोल प्लाजा पर कटेगा।