केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मौलवियों को 18 हजार रुपए सालाना देते हैं, लेकिन मंदिर के पुजारी और चर्च के पादरियों को नहीं देते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले भारतीय नोटों पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की फोटो लगाने की मांग की थी। इसी बयान को लेकर अनुराग ठाकुर से सवाल पूछा गया था, जिस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, “राम मंदिर का विरोध करने वालों, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वालों को एक मंत्री को बर्खास्त करना पड़ा। अरविंद केजरीवाल अराजकता के प्रतीक हैं। वह नए प्रचार को बढ़ावा देते हैं ताकि उनके भ्रष्टाचार पर चर्चा न हो।”
अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल के बयान पर निशाना साधते हुए कहा, “आप (दिल्ली के मुख्यमंत्री) दिल्ली में मुस्लिम मौलवियों को सालाना 18,000 रुपये देते हैं। क्या आप पुजारियों, गुरुद्वारा ग्रंथियों और पादरियों को भी वही 18,000 रुपये देंगे? आप ऐसा क्यों नहीं कर सके?”
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हमने मुद्रास्फीति को नियंत्रण में लाया और ईंधन की कीमतों में कमी की। भाजपा शासित राज्यों में कीमतों में कमी आई लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों में कीमतें कम नहीं हुईं। कांग्रेस ने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था। वे पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में ऐसा नहीं कर सके। वे झूठे वादे करते हैं।”
बता दें कि छठ पूजा शुरू हो गया है और दिल्ली में छठ पूजा पर यमुना की सफाई को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। गौतम गंभीर ने अरविंद केजरीवाल को चैलेंज दिया है कि वह 4 साल के अंदर यमुना को साफ करके दिखाएं। जबकि उन्होंने कहा है कि वह 4 साल के अंदर गाजीपुर लैंडफिल को खत्म कर देंगे।
छठ पूजा पर दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने भलस्वा झील का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, “भलस्वा झील पहले गंदी थी, अब 10 दिन में साफ कर दी गई है। मुझे उम्मीद है कि इस बार श्रद्धालुओं को साफ-सुथरी जगह पर पूजा-अर्चना करने का मौका मिलेगा। आने वाले समय में झील को और बेहतर किया जाएगा।”